तेज रफ्तार का कहर: मॉर्निंग वॉक पर निकली दो महिलाओं को पिकअप ने कुचला, मौके पर मौत

गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही। जिले के गौरेला थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जिसने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया। मॉर्निंग वॉक पर निकली दो महिलाओं को तेज रफ्तार और अनियंत्रित पिकअप कैंपर वाहन ने पीछे से टक्कर मार दी, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना सुबह करीब 6:15 बजे आईटीआई सेमरा के पास मुख्य मार्ग पर हुई। मृतक महिलाओं की पहचान बेला बाई पनसारी और सुशीला वर्मा के रूप में हुई है, जो रोजाना की तरह सुबह सैर के लिए निकली थीं। इसी दौरान पीछे से आ रहे पिकअप कैंपर (क्रमांक MP 21 G 0992) ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों महिलाएं करीब 15 से 20 फीट दूर जा गिरीं। हादसे के बाद पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर पास में खड़ी एक बस से जा टकराया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। उपनिरीक्षक सनत रात्रे ने बताया कि हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मर्च्यूरी में रखवाया है और आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी गई है। वाहन के मालिक का भी पता लगाया जा रहा है।
इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों में गहरा आक्रोश और शोक है। लोगों का कहना है कि मुख्य सड़कों पर वाहनों की तेज रफ्तार लगातार जानलेवा साबित हो रही है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।





