चांपा में बड़ा हादसा: प्रकाश इंडस्ट्रीज की भट्टी में धमाका, कई मजदूरों के घायल होने की आशंका

जांजगीर-चांपा। चांपा क्षेत्र स्थित प्रकाश इंडस्ट्रीज लिमिटेड के संयंत्र में एक गंभीर हादसा सामने आया है। जानकारी के अनुसार, प्लांट की एक भट्टी में अचानक तेज विस्फोट हो गया, जिससे पूरे परिसर में हड़कंप मच गया।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और कई मजदूरों के घायल होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि अभी तक घायलों की आधिकारिक संख्या स्पष्ट नहीं हो सकी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घटना के तुरंत बाद 4 से 5 एम्बुलेंस को तेजी से प्लांट के अंदर प्रवेश करते देखा गया, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि कई श्रमिक घायल हुए हैं। सभी घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भेजा जा रहा है।
सूत्रों का कहना है कि यह पहली बार नहीं है जब इस प्लांट में इस तरह की घटना हुई हो। इससे पहले भी यहां कई औद्योगिक हादसे सामने आ चुके हैं, जिनमें सुरक्षा व्यवस्था और प्रबंधन की लापरवाही पर सवाल उठते रहे हैं।
बताया जा रहा है कि हाल ही में औद्योगिक सुरक्षा विभाग द्वारा निरीक्षण भी किया गया था, लेकिन इसके बावजूद सुरक्षा मानकों को लेकर गंभीरता नहीं बरती गई।
फिलहाल प्रशासनिक टीमें और संबंधित विभाग मौके पर नजर बनाए हुए हैं। घायलों की सही संख्या और उनकी स्थिति को लेकर आधिकारिक बयान का इंतजार किया जा रहा है।





