छत्तीसगढ़ में पेट्रोल-डीजल का पर्याप्त स्टॉक, 22 दिन का पेट्रोल और 15 दिन का डीजल उपलब्ध; कालाबाजारी पर सख्ती

रायपुर। छत्तीसगढ़ में पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति को लेकर सरकार ने स्थिति पूरी तरह सामान्य बताई है। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के अनुसार राज्य में फिलहाल करीब 77,111 किलोलीटर पेट्रोल उपलब्ध है, जो लगभग 22 दिनों की खपत के लिए पर्याप्त है। वहीं 84,295 किलोलीटर डीजल का स्टॉक मौजूद है, जो करीब 15 दिनों की जरूरत को पूरा कर सकता है।
आपूर्ति सामान्य, स्टॉक पर्याप्त
राज्य सरकार ने स्पष्ट किया है कि प्रदेश में ईंधन की आपूर्ति सुचारू रूप से चल रही है और किसी प्रकार की कमी की स्थिति नहीं है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सरकार ने आश्वासन दिया है कि पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता को लेकर पूरी निगरानी रखी जा रही है।
विभाग के अनुसार, प्रदेश में संचालित 2516 पेट्रोल पंपों और ऑयल कंपनियों के डिपो में पर्याप्त स्टॉक मौजूद है।
मांग से अधिक आपूर्ति का दावा
सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, मार्च 2026 में पेट्रोल की मासिक आवश्यकता 1.01 लाख किलोलीटर के मुकाबले 1.27 लाख किलोलीटर (126%) आपूर्ति की गई।वहीं अप्रैल 2026 में 23 तारीख तक 1.60 लाख किलोलीटर पेट्रोल उपलब्ध कराया जा चुका है।
इसी तरह, मार्च में डीजल की आवश्यकता 1.64 लाख किलोलीटर के मुकाबले 3.00 लाख किलोलीटर (183%) की आपूर्ति दर्ज की गई। अप्रैल में 23 तारीख तक 1.38 लाख किलोलीटर डीजल की आपूर्ति हो चुकी है।
कालाबाजारी पर प्रशासन की नजर
सरकार ने स्पष्ट किया है कि जमाखोरी और कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए सभी जिलों में आकस्मिक निरीक्षण और छापेमारी की जा रही है। राज्य और जिला स्तर पर नियंत्रण कक्ष भी स्थापित किए गए हैं।इसके अलावा आम नागरिकों की शिकायतों के लिए विभाग का कॉल सेंटर (1800-233-3663) भी सक्रिय है।
ऑयल कंपनियों के साथ समीक्षा बैठक
23 अप्रैल 2026 को खाद्य विभाग के संचालक की अध्यक्षता में तीनों ऑयल कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई। इसमें सामने आया कि कुछ औद्योगिक उपभोक्ता रिटेल आउटलेट से डीजल खरीद रहे हैं, जिससे अस्थायी दबाव की स्थिति बनती है।
इस पर कंपनियों को निर्देश दिए गए हैं कि मांग के अनुसार आपूर्ति सुनिश्चित करें और वितरण व्यवस्था को और मजबूत बनाया जाए।




