आरंग में भीषण सड़क हादसा: तेज रफ्तार हाइवा ने बाइक सवार दो युवकों को रौंदा, मौके पर मौत

आरंग। मंदिर हसौद थाना क्षेत्र के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर आज एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। ग्राम उमरिया के पास रेत से भरे एक तेज रफ्तार अनियंत्रित हाइवा ने मोटरसाइकिल सवार दो युवकों को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
मृतक होंडा मोटरसाइकिल पर सवार होकर कहीं जा रहे थे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।
स्थानीय लोगों ने हादसे पर गहरा आक्रोश जताया है। उनका कहना है कि क्षेत्र में रेत से भरे भारी वाहनों की तेज रफ्तार लगातार हादसों का कारण बन रही है, लेकिन इस पर सख्त कार्रवाई नहीं हो रही।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और फरार हाइवा चालक की तलाश की जा रही है।





