Big News : गरियाबंद में पेट्रोल-डीजल पर लगी लिमिट, प्रशासन ने जारी किए सख्त आदेश

गरियाबंद। जिले में पेट्रोल-डीजल की अस्थायी किल्लत और पेट्रोल पंपों पर बढ़ती भीड़ के बीच जिला प्रशासन ने ईंधन वितरण को लेकर सख्त नियम लागू कर दिए हैं।
प्रशासन के आदेश के अनुसार अब दोपहिया वाहनों में अधिकतम 300 रुपये और चारपहिया वाहनों में अधिकतम 1000 रुपये तक ही पेट्रोल-डीजल दिया जाएगा। इसके अलावा ड्रम, जरीकेन और बोतल में ईंधन भरने पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है, ताकि जमाखोरी और अवैध भंडारण को रोका जा सके।
नियमों का उल्लंघन करने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। वहीं एम्बुलेंस और अन्य आवश्यक सेवा वाहनों को प्राथमिकता के आधार पर ईंधन उपलब्ध कराने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।
इस बीच राज्य सरकार ने स्पष्ट किया है कि छत्तीसगढ़ में पेट्रोल-डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है। अधिकारियों के अनुसार कुछ पेट्रोल पंपों पर अस्थायी रूप से स्टॉक खत्म होने और अफवाहों के कारण लोगों में पैनिक बाइंग बढ़ी, जिससे कुछ स्थानों पर कृत्रिम कमी जैसी स्थिति बनी।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और जरूरत के अनुसार ही ईंधन खरीदें।





