गरियाबंद में आकाशीय बिजली का कहर: एक युवक की मौत, तीन लोग झुलसे

गरियाबंद। गरियाबंद जिले के देवभोग थाना क्षेत्र के पीटापारा गांव में आकाशीय बिजली गिरने से एक दर्दनाक हादसा हो गया। इस घटना में 33 वर्षीय ओमप्रकाश ध्रुव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, एक ही परिवार के चार सदस्य खेत में काम कर रहे थे। मौसम खराब होने और तेज बारिश व गरज-चमक शुरू होने पर सभी लोग पास की एक झोपड़ी में जाकर शरण लेने लगे। इसी दौरान अचानक झोपड़ी पर आकाशीय बिजली गिर गई।
हादसे के बाद ग्रामीणों की मदद से घायलों को तत्काल देवभोग सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति को बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है।
घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।





