CG Accident : बलरामपुर-रामानुजगंज में दर्दनाक सड़क हादसा: ट्रैक्टर से टकराई बाइक, चार युवकों की मौत

बलरामपुर। Balrampur-Ramanujganj जिले के सनावल थाना क्षेत्र में रविवार देर शाम एक भीषण सड़क हादसे ने चार परिवारों को गहरे शोक में डाल दिया। यह हादसा पीपरपान मोड़ के पास हुआ, जब एक ही बाइक पर सवार चार युवक डिंडा साप्ताहिक बाजार से अपने घर लौट रहे थे और उनकी बाइक एटा लोड ट्रैक्टर से टकरा गई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान दोनों ने भी दम तोड़ दिया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, हादसा रात के समय हुआ और सड़क पर खड़े ट्रैक्टर पर रिफ्लेक्टर नहीं लगा था, जिससे वह अंधेरे में दिखाई नहीं दिया। परिजनों ने ट्रैक्टर चालक पर लापरवाही से वाहन खड़ा करने का आरोप लगाया है।
हादसे की सूचना मिलते ही सनावल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
चार युवकों की एक साथ मौत से पूरे इलाके में मातम का माहौल है और गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।





