#प्रदेश

भिलाई स्टील प्लांट में बड़ा हादसा: 50 फीट नीचे गिरा ओवर ब्रिज क्रेन का केबिन, ऑपरेटर गंभीर घायल

Advertisement Carousel

० चार दिन पहले ही सेफ्टी इंस्पेक्शन में मिली थी क्लीन चिट, हादसे के बाद जांच शुरू

दुर्ग। दुर्ग जिले के भिलाई स्टील प्लांट (बीएसपी) में शुक्रवार सुबह बड़ा औद्योगिक हादसा हो गया। ब्लास्ट फर्नेस के रॉ मैटेरियल एरिया में ओवर ब्रिज क्रेन का केबिन करीब 50 फीट नीचे गिर गया, जिससे उसमें मौजूद ठेका मजदूर और क्रेन ऑपरेटर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद प्लांट में हड़कंप मच गया और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

अचानक टूटा क्रेन का केबिन, 50 फीट नीचे गिरा

जानकारी के अनुसार, भिलाई स्टील प्लांट के ब्लास्ट फर्नेस स्थित रॉ मैटेरियल एरिया में संचालित ओवर ब्रिज क्रेन नंबर-4 का केबिन अचानक टूटकर करीब 50 फीट नीचे गिर गया। हादसे के समय केबिन में ठेका मजदूर रविंद्र चौधरी क्रेन का संचालन कर रहे थे।

स्टील बीम से टकराने से टला बड़ा हादसा

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, नीचे गिरते समय केबिन बीच में एक स्टील बीम से टकरा गया, जिससे उसकी रफ्तार कम हो गई। इसी कारण केबिन सीधे जमीन पर नहीं गिरा और एक और बड़ा हादसा टल गया। हालांकि, केबिन में मौजूद ऑपरेटर को गंभीर अंदरूनी चोटें आई हैं।

आईसीयू में भर्ती, हालत गंभीर

हादसे के तुरंत बाद घायल रविंद्र चौधरी को प्लांट के मेन मेडिकल पोस्ट ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें सेक्टर-9 अस्पताल रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें आईसीयू में भर्ती कर निगरानी में रखा है।

चार दिन पहले ही हुआ था सेफ्टी इंस्पेक्शन

हादसे की सूचना मिलते ही बीएसपी के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए और दुर्घटना की जांच शुरू कर दी गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, संबंधित ओवर ब्रिज क्रेन का महज चार दिन पहले सेफ्टी इंस्पेक्शन किया गया था और उसे संचालन के लिए सुरक्षित घोषित किया गया था।

ऐसे में केबिन का अचानक टूटकर गिरना कई गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। अब जांच में यह स्पष्ट होगा कि हादसा तकनीकी खराबी, रखरखाव में लापरवाही या किसी अन्य कारण से हुआ।