‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान की शुरुआत, स्वदेशी उत्पाद खरीदने और सेल्फी साझा करने पर हर माह मिलेंगे पुरस्कार

० ग्रामोद्योग मंत्री गजेंद्र यादव ने किया शुभारंभ, 1 अगस्त से ‘सेल्फी विद स्वदेशी’ प्रतियोगिता होगी शुरू
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मंशा के अनुरूप छत्तीसगढ़ में स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘वोकल फॉर लोकल – सेल्फी विद स्वदेशी’ सोशल अवेयरनेस अभियान का शुभारंभ किया गया। दुर्ग स्थित शासकीय विश्वनाथ यादव तामस्कर स्नातकोत्तर महाविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में ग्रामोद्योग मंत्री गजेंद्र यादव ने अभियान की शुरुआत की। इस दौरान घोषणा की गई कि 1 अगस्त 2026 से ‘सेल्फी विद स्वदेशी’ प्रतियोगिता शुरू होगी, जिसमें स्वदेशी उत्पादों के साथ सेल्फी साझा करने और अधिक ग्रामोद्योग उत्पाद खरीदने वाले प्रतिभागियों को हर महीने पुरस्कृत किया जाएगा।
कार्यक्रम में एनसीसी कैडेट्स ने मंत्री का स्वागत किया। हाथकरघा, हस्तशिल्प, खादी ग्रामोद्योग और माटीकला उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई गई। वहीं बिलासा हैंडलूम के डिज़ाइनर परिधानों का फैशन शो भी आयोजित किया गया, जिसमें 35 से अधिक छात्र-छात्राओं ने रैंप वॉक किया।
मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा कि स्वदेशी हाथकरघा और खादी उत्पाद केवल वस्त्र नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की संस्कृति, विरासत और कारीगरों की मेहनत का प्रतीक हैं। उन्होंने युवाओं से स्थानीय उत्पाद अपनाने और ग्रामोद्योग के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया।
ग्रामोद्योग विभाग के सचिव एवं प्रबंध संचालक राजेश सिंह राणा ने बताया कि प्रदेश में हाथकरघा, रेशम, हस्तशिल्प, माटीकला और खादी से जुड़े 3.5 लाख से अधिक बुनकरों और शिल्पकारों को रोजगार मिल रहा है। उत्पादों की गुणवत्ता और विपणन को मजबूत करने के लिए बिलासा हैंडलूम एम्पोरियम में डिजाइनर और मार्केटिंग विशेषज्ञों की नियुक्ति भी की गई है।
उन्होंने बताया कि विभाग के इंस्टाग्राम प्लेटफॉर्म पर QR कोड उपलब्ध कराया जाएगा। 1 अगस्त से शुरू होने वाली प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के हाथकरघा, हस्तशिल्प, माटीकला और खादी उत्पादों के साथ सेल्फी या फोटो अपलोड करने वाले पहले 10 प्रतिभागियों को हर माह पुरस्कार दिए जाएंगे। इसके अलावा ग्रामोद्योग उत्पादों की सर्वाधिक खरीद करने वाले 10 ग्राहकों को भी बिलासा हैंडलूम एम्पोरियम की खरीद रसीद के आधार पर सम्मानित किया जाएगा।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य हाथकरघा संघ के अध्यक्ष भोजराम देवांगन, विकास बोर्ड की अध्यक्ष शालिनी राजपूत, खादी एवं ग्रामोद्योग विभाग की प्रबंध संचालक लीना मंडावी सहित विभागीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।





