लायंस क्लब रायपुर प्रेरणा की नई टीम का गठन, जिले का पहला अंतरराष्ट्रीय सदस्यीय लियो क्लब लॉन्च

० चार्टर डे समारोह में नई कार्यकारिणी ने ली शपथ, डॉक्टरों और चार्टर्ड अकाउंटेंट्स का भी हुआ सम्मान
रायपुर। लायंस क्लब रायपुर प्रेरणा ने वृंदावन हॉल, सिविल लाइंस में स्थापना दिवस (चार्टर डे) समारोह के अवसर पर वर्ष 2026-27 की नई कार्यकारिणी का गठन किया। इस दौरान जिले के पहले अंतरराष्ट्रीय सदस्यीय लियो क्लब रायपुर प्रेरणा का भी शुभारंभ किया गया। समारोह में समाजसेवा, स्वास्थ्य और युवा नेतृत्व को बढ़ावा देने का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं स्थापना अधिकारी डिस्ट्रिक्ट गवर्नर PMJF लायन रिपुदमन सिंह पु्सरी रहे। विशेष अतिथि के रूप में PDG PMJF लायन शैलेश अग्रवाल और मुख्य वक्ता PMJF लायन त्रिलोक बराड़िया मौजूद रहे। समारोह में कई वरिष्ठ लायंस पदाधिकारी, विभिन्न क्लबों के अध्यक्ष, सामाजिक कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक शामिल हुए।
स्थापना समारोह के दौरान वर्ष 2026-27 के लिए MJF लायन डॉ. संयुक्ता गांधी को अध्यक्ष, लायन नवनीत कौर ग्रेवाल को सचिव, लायन सत्येंद्र सिंह को संयुक्त सचिव, लायन डॉ. स्मिता प्रेमानंद को कोषाध्यक्ष तथा लायन मनोज शुक्ला को संयुक्त कोषाध्यक्ष के रूप में पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई।
अपने संबोधन में अध्यक्ष डॉ. संयुक्ता गांधी ने पूर्व अध्यक्ष MJF लायन सुजाता अग्रवाल के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि क्लब इस वर्ष स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण, महिला एवं युवा सशक्तिकरण, भूखमुक्त अभियान और सामुदायिक विकास से जुड़े सेवा कार्यों को प्राथमिकता देगा।

समारोह का मुख्य आकर्षण लियो क्लब रायपुर प्रेरणा का शुभारंभ रहा, जो जिले का पहला ऐसा लियो क्लब है जिसमें 20 अंतरराष्ट्रीय सदस्य शामिल हैं। क्लब के अध्यक्ष लियो सायबह एच. मुल्बाह, उपाध्यक्ष लियो ओप्रा एल.एन. रॉबर्ट्स, सचिव लियो मॉरिस एच. कोली और कोषाध्यक्ष लियो वेडलुकलिन हार्मन बनाए गए। लियो अध्यक्ष ने सांस्कृतिक आदान-प्रदान और मानवीय सेवा के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प व्यक्त किया।
इस अवसर पर सेवा निकेतन के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, बाल कल्याण और सामुदायिक विकास के क्षेत्र में संयुक्त रूप से कार्य करने की घोषणा भी की गई। क्लब ने फादर जॉर्ज मैरी क्लेरेट, एरॉन डोग्बा यासाह, फेथ रूथ डिक्सन, डॉ. लिंसी रॉय और डॉ. खुशबू साहू सहित नए सदस्यों का स्वागत किया। वहीं, डॉ. अनिल कुमार खरे और डॉ. अर्चना खरे का लायंस क्लब रायपुर फ्रेंड्स से स्थानांतरण भी हुआ।
समारोह में 15 प्रतिष्ठित डॉक्टरों और 5 चार्टर्ड अकाउंटेंट्स को उनके उत्कृष्ट पेशेवर योगदान और सामाजिक सेवा के लिए सम्मानित किया गया। चार्टर डे केक कटिंग, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और भव्य रात्रिभोज के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।





