‘युवा की उड़ान-नशा मुक्त भारत का निर्माण’ थीम पर जिला स्तरीय सांस्कृतिक प्रतियोगिता संपन्न

० ‘माय भारत युवा कार्यक्रम’ के तहत कोरबा में युवाओं ने नशामुक्ति का दिया संदेश, विजेता करेंगे राज्य स्तर पर जिले का प्रतिनिधित्व
कोरबा। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के तहत संचालित ‘माय भारत युवा कार्यक्रम’ के अंतर्गत ‘नशामुक्त भारत अभियान-2026’ के तहत जिला स्तरीय सांस्कृतिक प्रतियोगिता ‘युवा की उड़ान-नशा मुक्त भारत का निर्माण’ थीम पर श्री अग्रसेन कन्या महाविद्यालय, कोरबा में सफलतापूर्वक आयोजित की गई। प्रतियोगिता में जिलेभर के युवाओं और छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए नशामुक्त समाज का संदेश दिया।
समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह के मुख्य अतिथि नगर पालिक निगम कोरबा के आयुक्त आशुतोष पाण्डेय (IAS) रहे। उन्होंने युवाओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि देश की सबसे बड़ी शक्ति युवा हैं और उनकी सकारात्मक ऊर्जा राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर अपने भविष्य और देश के विकास में योगदान देने का आह्वान किया।
युवाओं को मिला अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए माय भारत युवा कार्यक्रम के जिला नोडल अधिकारी सतीश प्रकाश सिंह ने कहा कि जिले के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। ‘माय भारत युवा कार्यक्रम’ उन्हें अपनी प्रतिभा निखारने और समाज के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने का सशक्त मंच प्रदान कर रहा है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को नशामुक्त भारत के निर्माण की शपथ भी दिलाई।
नशे से दूर रहने की अपील
नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी ने युवाओं से नशे से दूर रहकर अपने करियर और जीवन को बेहतर बनाने की अपील की। उन्होंने इस अभियान की सराहना करते हुए भविष्य में भी पुलिस विभाग की ओर से हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। छात्राओं ने सरस्वती वंदना और स्वागत गीत की आकर्षक प्रस्तुति दी। वहीं समापन समारोह में उमंग दिव्यांग विद्यालय के बच्चों ने अपनी सुमधुर प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया।
विजेताओं को मिला सम्मान
प्रतियोगिता की विभिन्न विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। चयनित प्रतिभागी अब राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में कोरबा जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
कार्यक्रम में जिला युवा अधिकारी ईशा गौतम, अग्रवाल सभा एवं शिक्षण समिति के पदाधिकारी, विभिन्न महाविद्यालयों के प्राचार्य, सहायक प्राध्यापक, शिक्षक, माय भारत यूथ वॉलंटियर्स, समाजसेवी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।





