#प्रदेश

Big News : गजेंद्र,खुशवंत और राजेश बनेंगे मंत्री ? विष्णुदेव साय मंत्रिमंडल का विस्तार 18 अगस्त को संभव

Advertisement Carousel

रायपुर। लंबे इंतजार के बाद विष्णुदेव साय मंत्रिमंडल का विस्तार 18 अगस्त को होने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री साय शनिवार को राज्यपाल रमेन डेका से मुलाक़ात की। माना जा रहा है कि साय ने राज्यपाल को नए मंत्रियों की सूची सौंप दी है। ख़बरों के अनुसार सरगुजा के विधायक राजेश अग्रवाल,दुर्ग शहर के विधायक गजेंद्र यादव और आरंग के विधायक गुरु खुशवंत साहेब मंत्री बनाए जाएंगे। तीनों पहली बार के विधायक हैं।



कहा जा रहा है कि राजेश अग्रवाल को बिजनेस कम्युनिटी को प्रतिनिधित्व देने के लिए मंत्री बनाया जा रहा है। जैन और अग्रवाल समुदाय से मंत्री बनने की दौड़ में अमर अग्रवाल और राजेश मूणत भी थे। दोनों नेता डॉ रमन सिंह के मंत्रिमडल में वर्षों मंत्री रहे हैं , पर किसी पुराने नेता को मंत्री नहीं बनाने के फार्मूले के कारण दोनों का पत्ता कट गया। गजेंद्र यादव आरएसएस के कोटे से मंत्री बनाए जा रहे हैं। गजेंद्र यादव के पिता बिसराराम यादव छत्तीसगढ़ के प्रांत संघचालक रहे हैं। गजेंद्र यादव को मंत्री बनाए जाने के साथ ही साय मंत्रिमंडल में ओबीसी वर्ग के मंत्रियों की संख्या सात हो जाएगी। अभी साय मंत्रिमंडल में ओबीसी वर्ग से अरुण साव, ओपी चौधरी, श्यामबिहारी जायसवाल, लखनलाल देवांगन,लक्ष्मी राजवाड़े और टंकराम वर्मा मंत्री हैं।

राज्य में सतनामी समाज को खुश करने के लिए गुरु खुशवंत साहेब को मंत्री बनाया जा रहा है। साय मंत्रिमंडल में अभी अनुसूचित जाति वर्ग से दयालदास बघेल मंत्री हैं। तीन मंत्रियों की नियुक्ति से राज्य में 13 मंत्री हो जाएंगे। साय मंत्रिमंडल में मंत्री के दो पद काफी समय से रिक्त हैं। हरियाणा का फार्मूला लागू कर एक मंत्री बढ़ाया जा रहा है। बताया जा रहा है कि मंत्रिमंडल के विस्तार के साथ ही मंत्रियों के बीच नए सिरे से विभागों का बंटवारा भी कर दिया जाएगा। कहा जा रहा है कि मुख्यमंत्री अपने कई विभाग मंत्रियों को दे देंगे। पुराने मंत्री के विभागों में भी हेरफेर की संभावना है।