बिलासपुर में कांग्रेस की विशाल रैली, ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ अभियान के तहत कल करेंगे विरोध प्रदर्शन

बिलासपुर। ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ अभियान के तहत आज 9 सितंबर को कांग्रेस ने बिलासपुर के मुंगेली नाका में एक विशाल रैली और आमसभा का आयोजन किया। इस कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं ने हिस्सा लिया, जिनमें प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव शामिल थे।
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य देश की चुनावी प्रणाली में कथित धांधली और मतदाता सूची में गड़बड़ी के मुद्दे को उठाना है। कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि पिछले कुछ वर्षों से चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली संदेह के घेरे में है, और पार्टी का मानना है कि हाल के चुनावों, खासकर महाराष्ट्र के नतीजों ने ‘वोटों की चोरी’ के संदेह को और मजबूत किया है।
आमसभा को संबोधित करते हुए नेताओं ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा प्रस्तुत किए गए साक्ष्यों का जिक्र किया, जिसमें मतदाता सूची में कई अनियमितताएं सामने आईं। उन्होंने बताया कि किस तरह महाराष्ट्र में 5 साल के बजाय सिर्फ 5 महीने में बहुत अधिक वोटर्स जोड़े गए और वहां मतदाताओं की संख्या राज्य की वयस्क आबादी से भी ज्यादा हो गई।
नेताओं ने इस बात पर भी जोर दिया कि शाम 5 बजे के बाद वोटिंग में अचानक आए उछाल और डिजिटल वोटर लिस्ट उपलब्ध न कराने के चुनाव आयोग के फैसले ने संदेह पैदा किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि एक ही मतदाता का नाम बार-बार आना, एक ही पते पर कई-कई मतदाताओं का होना जैसे उदाहरण बताते हैं कि देश के चुनावों में बड़े पैमाने पर धांधली हो रही है।
कांग्रेस ने मांग की है कि राहुल गांधी द्वारा उठाए गए इन गंभीर सवालों की गहन जांच होनी चाहिए और जो भी दोषी पाए जाएं उन पर कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। पार्टी का कहना है कि यह देश के लोकतंत्र और चुनावी प्रणाली को बचाने के लिए बेहद जरूरी है।