#प्रदेश

नेपाल में तख्तापलट : छत्तीसगढ़ के 100 से अधिक पर्यटक फंसे, सीएम साय ने की सुरक्षित वापसी की पहल

Advertisement Carousel

रायपुर। नेपाल में जारी राजनीतिक उथल-पुथल और विद्रोह के कारण छत्तीसगढ़ के 100 से अधिक पर्यटक फंस गए हैं। ये पर्यटक काठमांडू और आसपास के इलाकों में मौजूद हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस स्थिति को गंभीरता से लेते हुए उनकी सुरक्षित वापसी के लिए तुरंत कदम उठाए हैं। बुधवार रात को सीएम साय ने आला अधिकारियों के साथ एक लंबी बैठक की, जिसमें पर्यटकों को वापस लाने की रणनीति पर विचार-विमर्श किया गया।



छत्तीसगढ़ सरकार ने इन पर्यटकों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने के लिए केंद्र सरकार के गृह और विदेश मंत्रालयों से संपर्क साधा है। हालांकि अभी तक फंसे हुए पर्यटकों की सही संख्या की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है, लेकिन अगले 24 घंटों में इस संबंध में और अधिक जानकारी मिलने की उम्मीद है। कुछ पर्यटकों से फोन पर संपर्क होने की भी अपुष्ट खबरें आ रही हैं।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने देर रात अपने सोशल मीडिया हैंडल पर पोस्ट कर बताया कि उन्हें छत्तीसगढ़ के पर्यटकों के नेपाल में फंसे होने की जानकारी मिली है। उन्होंने लिखा, “उनकी सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए मैंने संबंधित अधिकारियों को तुरंत आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए हैं तथा भारत सरकार के अधिकारियों के साथ मिलकर उनकी सकुशल वापसी सुनिश्चित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।” उन्होंने आगे कहा कि इस मुश्किल समय में उनकी सरकार हर नागरिक की मदद के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।