Close

निगम-मंडलों में नियुक्ति पर फैसला कल संभव

0 प्रदेश प्रभारी प्रदेश प्रभारी नितिन नबीन की अध्यक्षता में होगी बैठक, आज आ रहे हैं रायपुर

राजेंद्र ठाकुर

रायपुर। खबर है कि निगम-मंडलों में कुछ भाजपा नेताओं की नियुक्ति के बारे में रविवार को पार्टी फैसला कर सकती है। रविवार को प्रदेश प्रभारी नितिन नबीन और प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय की मैराथन बैठक होने वाली है। इस बैठक के लिए नितिन नबीन आज रायपुर आ रहे हैं और प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय भी सरगुजा में पार्टी की सदस्यता अभियान को छोड़कर रायपुर लौट रहे हैं।

कहा जा रहा है कि पार्टी आदिवासी बहुल इलाके सरगुजा और बस्तर में सदस्यता अभियान को लेकर काफी गंभीर है। इस कारण सरगुजा की कमान प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय और बस्तर में सदस्यता अभियान की कमान क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल संभाले हैं। बताते हैं सदस्यता अभियान कार्यक्रम को छोड़कर अजय जामवाल आज ही जगदलपुर से महाराष्ट्र के दौरे पर निकल गए हैं। कहा जा रहा है कि महाराष्ट्र में भाजपा की स्थिति मजबूत करने के लिए श्री जामवाल को वहां भेजा गया है। राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिव प्रकाश पहले से ही महाराष्ट्र में डेरा जमाए हुए हैं।

कहते हैं कि राज्य में भाजपा की सरकार बनने के करीब नौ महीने बाद सत्ता सुख नहीं मिलने से नेताओं में कुलबुलाहट बढ़ गई है। कुछ महीने पहले भी नितिन नबीन की अध्यक्षता में पार्टी संगठन की बैठक हुई थी, जिसमें कुछ नेताओं को निगम-मंडल में एडजेस्ट करने पर चर्चा हुई थी। कुछ नेताओं के नाम भी चलने लगे थे, लेकिन अब तक आदेश जारी नहीं होने से दावेदार नजरें गड़ाए हुए हैं। कहा जा रहा है कि कल की बैठक में करीब आधे दर्जन निगम-मंडलों के लिए नेताओं के नाम तय कर दिए जाएंगे। निगम-मंडलों के साथ मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार के बारे में भी चर्चा हो सकती है।

scroll to top