नेपाल : अंतरिम सरकार की प्रधानमंत्री सुशीला कार्की की टीम में शामिल हुए 5 मंत्री, दिलाई गई शपथ

काठमांडू। नेपाल की अंतरिम सरकार की प्रधानमंत्री सुशीला कार्की की सरकार में पांच नए मंत्रियों को शामिल किया गया है। राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल ने अनिल कुमार सिन्हा, महावीर पुन, जगदीश खरेल और मदन परियार को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस विस्तार के बाद अंतरिम सरकार की कैबिनेट में शामिल सदस्यों की संख्या बढ़ गई है। अब पीएम कार्की समेत कुल आठ मंत्री हैं।
जानिए किन्हें मिला कौन सा विभाग
शिक्षा, विज्ञान तथा प्रौद्योगिकी मंत्रालय की जिम्मेदारी महावीर पुन को सौंपी जाएगी। वह राष्ट्रिय आविष्कार केंद्र के अध्यक्ष हैं। संचार, सूचना तथा प्रौद्योगिकी मंत्रालय के लिए वरिष्ठ पत्रकार जगदीश खरेल का नाम आगे बढ़ाया गया है। वह इमेज मीडिया ग्रुप में समाचार प्रमुख रहे हैं। इसके अलावा, कृषि मंत्रालय का नेतृत्व मदन परियार करेंगे, जबकि उद्योग तथा भूमि सुधार मंत्रालय का कार्यभार पूर्व न्यायाधीश अनिल कुमार सिन्हा को सौंपा जाएगा। अब तक कैबिनेट में प्रधानमंत्री समेत कुल आठ मंत्री हो गए हैं। प्रधानमंत्री कार्की ने कई अहम मंत्रालय अपने पास रखे हैं।
इससे पहले रविवार को राष्ट्रपति कार्यालय ने घोषणा की थी कि अंतरिम सरकार में पांच नए मंत्रियों को शपथ दिलाई जाएगी। हालांकि, संगीता कौशल मिश्रा को बाद में उनकी विवादास्पद पृष्ठभूमि के कारण हटा दिया गया। सूत्रों के अनुसार, नेपाल की भ्रष्टाचार विरोधी संस्था, सत्ता के दुरुपयोग की जांच के लिए गठित आयोग (सीआईएए), इनसे जुड़े एक मामले की जांच कर रही है।
73 वर्षीय कार्की 12 सितंबर को प्रधानमंत्री बनी थीं। इससे पहले केपी शर्मा ओली की सरकार भ्रष्टाचार और सोशल मीडिया प्रतिबंध को लेकर जेन-जी के नेतृत्व में हुए विरोध प्रदर्शनों के बाद गिर गई थी। इसके बाद बने राजनीतिक अनिश्चितता के दौर का अंत कार्की के प्रधानमंत्री बनने से हुआ।
आम चुनाव तक काम करेगी अंतरिम सरकार
कार्की के पद संभालते ही ऊर्जा, जल संसाधन और भौतिक योजना मंत्री के तौर पर कुलमा घीसिंग, वित्त मंत्री के रूप में रमेश्वर खनल और गृहमंत्री के तौर पर ओम प्रकाश आर्यल को नियुक्त किया था। अंतरिम सरकार आगामी आम चुनाव तक काम करेगी, जो 5 मार्च को होने तय हैं।