फुकेट से मुंबई आ रहे विमान के शौचालय से धुंआ उठने से मचा हड़कंप, यात्री ने जलाई थी सिगरेट

मुंबई। फुकेट से मुंबई आ रहे विमान में एक यात्री की हरकत ने सैकड़ों जान खतरे में डाल दी। उड़ान के वक्त यात्री ने विमान के शौचालय में सिगरेट सुलगा दी। शौचालय से धुआं उठते देख विमान में सवार यात्रियों में हड़कंप मच गया। फ्लाइट के मुंबई लैंड करने के बाद छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर यात्री को गिरफ्तार कर लिया गया।
अधिकारी के अनुसार, शुक्रवार रात फुकेट से मुंबई आ रही फ्लाइट के शौचालय से धुआं निकलता देख यात्रियों में घबराहट फैल गई। आरोपी की पहचान भव्य गौतम जैन के रूप में हुई है, जो दक्षिण मुंबई के नेपियनसी रोड का निवासी है। पुलिस ने बताया कि जैन ने विमान के शौचालय में सिगरेट जलाई थी। लैंडिंग के बाद उसे एयरपोर्ट पर हिरासत में लिया गया और विमानन नियमों के तहत एयरक्राफ्ट एक्ट की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया गया।
इससे पहले 22 सितंबर को बंगलूरू से वाराणसी जा रहे एअर इंडिया एक्सप्रेस विमान में एक यात्री ने विमान के कॉकपिट का दरवाजा खोलने की कोशिश की। यह पूरी घटना तब हुई, जब विमान उड़ान भर चुका था। एआई एक्सप्रेस की फ्लाइट आईएक्स-1086 सोमवार को बंगलूरू एयरपोर्ट से सुबह 8 बजे उड़ी थी। इस दौरान एक यात्री अपनी सीट से उठकर कॉकपिट के दरवाजे के पास पहुंचा और उसे खोलने की कोशिश करने लगा। रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह शख्स आठ अन्य लोगों के साथ सफर कर रहा था। इस घटना के बाद उस शख्स और उसके साथियों को केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) को सौंप दिया गया। फ्लाइट की सुरक्षित वाराणसी में लैंडिंग हुई।
एयर इंडिया एक्सप्रेस ने कहा कि फ्लाइट में किसी भी सुरक्षा प्रोटोकॉल का उल्लंघन नहीं हुआ था। बयान में कहा गया, “हमें इस घटना को लेकर आईं मीडिया रिपोर्ट्स की जानकारी है। एक यात्री टॉयलेट (लैवेटरी) की खोज करता हुआ कॉकपिट के एंट्री एरिया में घुस गया। हम स्पष्ट करना चाहते हैं कि सुरक्षा मानक लगातार अपनी जगह पर हैं और इनका उल्लंघन नहीं हुआ। इस मसले को संबंधित अधिकारियों को बता दिया गया है।”