#प्रदेश

विद्युत मंडल की जनरेशन कंपनी के एमडी को चौथी बार सेवावृद्धि,संजीव कटियार पर मेहरबान सरकारें

Advertisement Carousel

 

राजेंद्र ठाकुर

कांग्रेस की भूपेश बघेल की सरकार हो, या फिर भाजपा की विष्णुदेव साय की,छत्तीसगढ़ विद्युत मंडल के जनरेशन कंपनी के एमडी संजीव कुमार कटियार पर मेहरबान रही हैं। भाजपा की विष्णुदेव साय की सरकार में अब संजीव कुमार कटियार को तीसरी बार सेवावृद्धि मिल गई है। संजीव कुमार कटियार को मिल रही सेवावृद्धि से लग रहा है कि जनरेशन कंपनी का नेतृत्व करने के लिए सरकार के पास इंजीनियर ही नहीं हैं।

छत्तीसगढ़ स्टेट पावर जनरेशन कंपनी लिमिटेड (CSPC) का मुख्य काम छत्तीसगढ़ राज्य के लिए बिजली का उत्पादन करना है, जिसमें ताप विद्युत संयंत्रों और अन्य स्रोतों से बिजली पैदा करना शामिल है। यह कंपनी पहले छत्तीसगढ़ स्टेट पावर जनरेशन कंपनी के रूप में काम करती थी। स्टेट पावर जनरेशन कंपनी लिमिटेड कोरबा स्थित थर्मल पावर प्लांटों और अन्य के बिजली संयंत्रों, माध्यम से राज्य की बिजली की जरूरतों को पूरा करती है। कंपनी अपने बिजली उत्पादन इकाइयों का संचालन करती है और उनके रखरखाव का कार्य करती है। कंपनी ऊर्जा भंडारण के समाधान के रूप में पंप स्टोरेज परियोजनाओं (PSPs) के विकास में भी शामिल है, जो कुशल ऊर्जा उपयोग और मांग प्रबंधन में मदद करती है।

30 नवंबर 2022 को कांग्रेस की भूपेश बघेल सरकार ने संजीव कुमार कटियार को छत्तीसगढ़ स्टेट पावर जनरेशन कंपनी लिमिटेड का प्रबंध संचालक बनाया था। 2023 के विधानसभा चुनाव के करीब 10 महीने पहले तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने संजीव कटियार को एक साल का एक्सटेंशन दे दिया। भाजपा की सरकार आते ही संजीव कटियार का कार्यकाल खत्म हो जाना चाहिए था, उन्होंने यहाँ भी गोटी फिट कर ली। भाजपा की सरकार ने संजीव कटियार की जगह किसी अन्य को जनरेशन कंपनी का एमडी बनाने की जगह दिसंबर 2024 से 31 मार्च 2025 तक के लिए सेवावृद्धि दे दी। इसके बाद उन्हें अप्रैल 2025 से सितंबर 2025 छह माह के लिए फिर सेवावृद्धि मिल गई। 30 सितंबर 2025 को विदा होने से फिर ताज मिल गया। अबकी बार भाजपा की सरकार ने उन्हें एक साल का एक्सटेंशन दे दिया है। भाजपा की सरकार ने संजीव कटियार का कार्यकाल एक साल के लिए बढ़ाया है। याने चार और छह से सीधे 12 महीने का उपहार मिल गया।

संजीव कुमार कटियार 17 फ़रवरी 1983 को बिजली बोर्ड में सहायक अभियंता (प्रशिक्षु ) के तौर पर भर्ती हुए थे। 25 नवंबर 2021 को एच टी पी एस कोरबा पश्चिम के मुख्य अभियंता बने। वे एच टी पी एस कोरबा पश्चिम में ही सात सितंबर 2022 को पदोन्नत होकर कार्यपालक निदेशक बन गए। इसके बाद कांग्रेस की सरकार ने 30 नवंबर 2022 को छत्तीसगढ़ स्टेट पावर जनरेशन कंपनी लिमिटेड का प्रबंध संचालक बना दिया, तब से संजीव कटियार पावर कंपनी में पावरफुल बने हुए हैं।