Raipur News: रायपुर में बस संचालकों पर सख्ती, जगह-जगह बस रोककर सवारी बैठाई तो होगी कार्रवाई

रायपुर। राजधानी में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए यातायात पुलिस ने यात्री बस संचालकों को सख्त निर्देश दिए हैं। डीसीपी यातायात एवं प्रोटोकॉल डॉ. अर्चना झा ने बस संचालकों और ऑपरेटरों की बैठक लेकर स्पष्ट किया कि निर्धारित स्थानों के अलावा कहीं भी बस रोककर यात्रियों को बैठाने या उतारने की शिकायत मिलने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बार-बार नियमों का उल्लंघन करने वाले बस चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस (DL) के निलंबन की कार्रवाई भी की जाएगी।
बुकिंग काउंटरों के सामने नहीं रुकेंगी बसें
यातायात कार्यालय कालीबाड़ी के सभागार में आयोजित बैठक में क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी आशीष देवांगन, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त यातायात रामकुमार बर्मन, सहायक पुलिस आयुक्त यातायात सतीश ठाकुर, सीमा अहिरवार और नगर निगम के अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में अंतरराज्यीय बस स्टैंड से संचालित होने वाली बसों के मालिकों, संचालकों और बस एसोसिएशन के पदाधिकारियों को यातायात व्यवस्था बेहतर बनाने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने कहा कि बस स्टैंड से निकलने के बाद बसें रास्ते में या विभिन्न बुकिंग और रिजर्वेशन काउंटरों के सामने रुककर यात्रियों को नहीं बैठाएंगी। बसों को केवल निर्धारित स्टॉपेज पर ही रोकना होगा।
ऑल इंडिया टूरिस्ट परमिट बसों के संचालन पर निर्देश
ऑल इंडिया टूरिस्ट परमिट वाली बसों को भाठागांव बस स्टैंड से संचालित नहीं करने के निर्देश दिए गए हैं। ऐसी बसें कहीं भी सामान्य यात्री बस की तरह यात्रियों को बैठाने और उतारने का काम नहीं करेंगी। इसके अलावा बसों की छत पर सामान लादकर परिवहन करने पर भी रोक लगाने के निर्देश दिए गए हैं।
इन मार्गों पर बस संचालकों को करना होगा नियमों का पालन
बैठक में शहर के अलग-अलग मार्गों के लिए भी निर्देश जारी किए गए हैं।
- जगदलपुर, धमतरी और गरियाबंद की ओर से आने वाली बसें: एमएमआई चौक के पास निर्धारित स्थान पर यात्रियों को उतारेंगी। इसके बाद पचपेड़ीनाका से भाठागांव चौक तक रास्ते में कहीं नहीं रुकेंगी और सीधे बस स्टैंड जाएंगी।
- दुर्ग-भिलाई जाने वाली बसें: पचपेड़ीनाका चौक से यू-टर्न लेने के बाद भाठागांव चौक पर यात्रियों को बैठाने के लिए नहीं रुकेंगी।
- बुकिंग काउंटर: मार्ग में बने विभिन्न बुकिंग और रिजर्वेशन काउंटरों के पास बस रोककर यात्रियों को बैठाने की अनुमति नहीं होगी।
- खराब बसें: बस स्टैंड में खड़े खराब और कंडम वाहनों को हटाना होगा। बस स्टैंड का इस्तेमाल गैराज की तरह नहीं किया जा सकेगा।
नियम तोड़ने वाले चालकों पर होगी कार्रवाई
डीसीपी डॉ. अर्चना झा ने बस संचालकों को यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने कहा कि बसों को अनधिकृत स्थानों पर रोकने से जाम और दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ती है तथा आम लोगों को परेशानी होती है। बार-बार अव्यवस्था फैलाने वाले चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस के निलंबन की कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में शामिल बस संचालकों ने बस स्टैंड को व्यवस्थित बनाने और शहर में यातायात सुचारू रखने में सहयोग का भरोसा दिया। उन्होंने बस चालकों और परिचालकों द्वारा नियमों का उल्लंघन किए जाने पर पुलिस की कार्रवाई में सहयोग करने की बात भी कही।





