#प्रदेश

CG News: जंगली सूअरों से फसल बचाने के लिए खेत में बिछाया था करंट, चपेट में आने से 25 वर्षीय युवक की मौत

Advertisement Carousel

अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में खेत में बिछाए गए करंट की चपेट में आने से 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि फसल को जंगली सूअरों से बचाने के लिए खेत में करंट प्रवाहित किया गया था। इसी दौरान युवक उसकी चपेट में आ गया और मौके पर ही उसकी जान चली गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

झिलमिली जंगल के पास हुआ हादसा

यह घटना लखनपुर थाना क्षेत्र की कुन्नी पुलिस चौकी अंतर्गत रेमहला और लवजी गांव के बीच स्थित झिलमिली जंगल के पास हुई। मृतक की पहचान जुगेश्वर पिता शंकर पावले (25 वर्ष) के रूप में हुई है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, खेत में फसल को जंगली सूअरों से बचाने के लिए करंट बिछाया गया था। इसी की चपेट में आने से युवक की मौत हो गई। हालांकि, घटना से जुड़े सभी तथ्यों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।

रात होने के कारण नहीं हो सका पोस्टमार्टम

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लिया। रात होने के कारण पोस्टमार्टम नहीं हो सका, जिसके बाद शव को लखनपुर अस्पताल की मर्चुरी में रखवाया गया।

फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि खेत में करंट किस तरह और किन परिस्थितियों में प्रवाहित किया गया था।