#राष्ट्रीय

दीवाली की अगली सुबह फैला धुंआ-धुंआ, दिल्ली के इन 36 इलाकों में रेड जोन,पहाड़ी राज्यों में भी जहरीली हुई हवा

Advertisement Carousel

 

दिल्ली। बीते दिन पूरे भारत में दीवाली की धूम देखने को मिला, जिसका असर अगली सुबह के मौसम पर भी पड़ रहा है। दिल्ली समेत कई जगहों पर सुबह की शुरुआत हल्की धुंध और हवा में प्रदूषण के कणों के साथ हुई है।प्रदूषण का असर पूरे दिल्ली एनसीआर में देखने को मिल रहा है। नोएडा, गाजियाबाद समेत गुरुग्राम में भी AQI तेजी से बढ़ गया है। यही नहीं, पहाड़ी राज्यों की हवा भी दूषित हो गई है।

दिल्ली एनसीआर की बात करें तो दीवाली की अगली सुबह दिल्ली की हवा बदतर हो चुकी है। ज्यादातर इलाकों को रेड जोन में रखा गया है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, आज सुबह जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम के आसपास के क्षेत्रों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 317 दर्ज किया गया है।
बता दें कि सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली में सिर्फ ग्रीन पटाखों को जलाने की अनुमति दी थी। मगर, दीवाली की रात कुछ घंटों की आतिशबाजी से ही हवा जहरीली हो गई है। नतीजतन, पूसा दिल्ली का AQI 999 तक पहुंच गया है। वहीं, बढ़ते वायु प्रदूषण के बाद राजधानी में ग्रैप-2 लागू कर दिया गया है।

पहाड़ों पर भी जहरीली हुई हवा
उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में भी AQI का स्तर तेजी से बढ़ा है। नैनीताल में AQI 164 दर्ज किया गया है, तो वहीं देहरादून में AQI 218 पहुंच गया है।दीवाली में पटाखों का असर यूपी में भी देखने को मिला है। यूपी के ज्यादातर जिलों में सुबह हल्की धुंध देखने को मिली है। वहीं, राज्य में अगले कुछ दिन मौसम शुष्क बने रहने की संभावना है। 26 अक्टूबर के बाद प्रदेश में मौसम करवट ले सकता है। वहीं, 22 अक्टूबर के बाद यूपी में ठंड का कहर बढ़ने की संभावना है।

वहीं बिहार में भी मौसम सुहाना रहने की संभाना है। सुबह-शाम की हल्की ठंड के बीच दिन में तेज धूप से तापमान बढ़ सकता है। IMD ने बिहार को ग्रीन जोन में रखा है, जिससे राज्य में बारिश होने के कोई आसार नहीं है।

चक्रवात का अलर्ट
उत्तर भारत में 26 अक्टूबर तक बारिश होने की संभावना नहीं है। मगर, बंगाल की खाड़ी में चक्रवात बन रहा है, जो आज से जोर पकड़ सकता है।मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवाती तूफान के कारण 21-23 अक्टूबर तक अंडमान निकोबार द्वीप समूह से लेकर तटीय इलाकों में तेज हवा के साथ गर्जन और बरसात होने की संभावना है। मौसम विभाग ने मछुआरों को समुद्र तट से दूर रहने की सलाह दी है। इसके अलावा मौसम विभाग ने केरल और तमिलनाडु के कई जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है।