#crime #प्रदेश

दुर्ग स्टेशन से बांग्लादेशी नागरिक को पुलिस ने किया गिरफ्तार,बिना दस्तावेज के कर रहा था सफर

Advertisement Carousel

दुर्ग। दुर्ग में शालीमार-कुर्ला एक्सप्रेस में सफर कर रहे एक बांग्लादेशी नागरिक को जीआरपी पुलिस ने बिना वैध दस्तावेज के गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास पासपोर्ट, वीजा या भारत में रहने का कोई वैध दस्तावेज नहीं मिला। जानकारी के मुताबिक, मुंबई पुलिस से मिली गोपनीय सूचना के बाद दुर्ग जीआरपी ने कार्रवाई की। 7 नवंबर को मुंबई पुलिस से दुर्ग जीआरपी को सूचना मिली थी कि एक बांग्लादेशी नागरिक, जो मुंबई में दर्ज मामले का आरोपी है, शालीमार-कुर्ला एक्सप्रेस से कोलकाता जा रहा है।

राजेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी अजमीर शेख के पास किसी भी प्रकार का वैध दस्तावेज पासपोर्ट, वीजा या पहचान पत्र नहीं मिला। उसके खिलाफ मुंबई में पहले से एफआईआर दर्ज है। दुर्ग जीआरपी के द्वारा आरोपी को गिरफ्तार करने की सूचना मिलने पर मुंबई पुलिस की टीम छत्तीसगढ़ पहुंच गई। जानकारी के अनुसार, मुंबई पुलिस फ्लाइट से रायपुर पहुंच चुकी है और अब सड़क मार्ग से दुर्ग रेलवे स्टेशन आ रही है। यहां औपचारिक पूछताछ और आवश्यक दस्तावेजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद आरोपी को मुंबई पुलिस अपने साथ ले जाएगी। पुलिस के मुताबिक, अजमीर शेख मुंबई से भागकर कोलकाता के रास्ते बांग्लादेश लौटने की कोशिश कर रहा था। उसकी गतिविधियों को देखते हुए यह भी संभावना जताई जा रही है कि उसके अन्य साथियों का नेटवर्क भी भारत में सक्रिय हो सकता है। इसको लेकर पुलिस अब खुफिया एजेंसियों से समन्वय में जांच कर रही है।