#अंतरराष्ट्रीय

भारत से फरार चल रहे लूथरा बंधुओं के पासपोर्ट निलंबन के बाद भारत प्रत्यर्पण की खबर, थाईलैंड में ली है शरण

Advertisement Carousel

बैंकाक। थाईलैंड पुलिस ने सौरभ लुथरा और उनके भाई गौरव लुथरा को हिरासत में लिया है, जो गोवा के उनके नाइटक्लब में आग लगने के बाद भारत से फरार चल रहे थे। अग्निकांड में 25 लोगों की मौत हुई थी। अधिकारियों ने गुरुवार को यह जानकारी दी।

वरिष्ठ अधिकारियों ने पीटीआई को बताया कि इन नाइटक्लब के सह-मालिकों के खिलाफ इंटरपोल का ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी किया गया था और उन्हें भारत सरकार के अनुरोध पर हिरासत में लिया गया। दोनों आरोपी फिलहाल थाईलैंड के फुकेत में हैं और उन्हें भारत लाने की प्रक्रिया चल रही है।

अधिकारियों के मुताबिक, दोनों ने आग लगने की खबर मिलने के केवल एक घंटे बाद सात दिसंबर की रात 1:17 बजे फुकेत के लिए अपनी टिकट बुक की, जब पुलिस और प्रशासन आग पर काबू पाने और कर्मचारियों को बचाने में लगे हुए थे, तब ये दोनों रविवार की सुबह इंडिगो की उड़ान से भारत छोड़कर चले गए। गोवा पुलिस ने उनके खिलाफ ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी करने के लिए केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से संपर्क किया था।

दिल्ली की एक अदालत ने बुधवार को लूथरा भाइयों को अस्थायी सुरक्षा देने से इनकार किया। उनके वकीलों ने दावा किया कि लूथरा देश छोड़कर नहीं गए, बल्कि व्यावसायिक यात्रा पर हैं और वे नाइटक्लब के मालिक नहीं हैं, बल्कि लाइसेंस रखने वाले हैं। उन्होंने कहा कि क्लब का रोजमर्रा का संचाल स्टाफ करता है, जिससे सीधे जिम्मेदारी लूथरा भाइयों पर नहीं आती।

इस बीच, गोवा पुलिस ने अग्निकांड के मामले में पांच प्रबंधकों और स्टाफ सदस्यों को गिरफ्तार किया। आग लगने की घटना रात को हुई और जल्दी ही इसने पूरे स्थल को अपने लपेटे में ले लिया। भारत के अधिकारी अब थाईलैंड के अधिकारियों के साथ सहयोग कर रहे हैं, ताकि प्रत्यर्पण की प्रक्रिया आगे बढ़ सके।