देवउठनी एकादशी : खत्म हुआ इंतजार, वर्ष 2023 में इस दिन किया जाएगा तुलसी विवाह
हिंदू धर्म में जिस तरह करवाचौथ और दिवाली को बहुत धूमधाम से मनाया जाता है। उसी तरह तुलसी विवाह भी अपने आप में एक बहुत ही खास दिन है। तुलसी विवाह के बाद से ही सारे मांगलिक कार्यों की शुरुआत हो जाती है। मान्यताओं के अनुसार कार्तिक माह में आने वाली देवउठनी एकादशी के दिन भगवान विष्णु अपनी योग निद्रा से जागते हैं और उसके अगले दिन तुलसी और भगवान विष्णु स्वरूप शालीग्राम का विवाह किया जाता है। तो चलिए जानते हैं वर्ष 2023 में किस दिन किया जाएगा तुलसी विवाह।
तुलसी विवाह तिथि
पंचांग के अनुसार 23 नवंबर को देवउठनी एकादशी का व्रत रखा जाएगा। उसके अगले दिन द्वादशी तिथि यानि 24 नवंबर को तुलसी जी का विवाह होगा। हिंदू धर्म में इस दिन के बाद से ही सारे मांगलिक कार्यों की शुरुआत हो जाती है। इस दिन लोग अपने घरों में तुलसी और शालिग्राम का विवाह रचाते हैं। मान्यता है ऐसा करने से व्यक्ति को जगत के पालनहार की विशेष कृपा प्राप्त होती है।
तुलसी विवाह का शुभ मुहूर्त
पंचांग और ज्योतिषियों के अनुसार 24 नवंबर को तुलसी विवाह का शुभ समय सुबह 11:43 बजे से दोपहर 12:26 बजे तक है। इसके अलावा दोपहर 1:54 बजे से दोपहर 2:38 बजे का तक समय भी तुलसी विवाह के लिए बहुत शुभ है।
इस तरह करें पूजा
तुलसी विवाह के दिन भगवान सत्यनारायण की कथा सुनने या पढ़ने से बहुत लाभ प्राप्त होता है। इसके बाद शाम के समय तुलसी के पौधे और शालीग्राम को स्नान करवाएं।
इस दिन तुलसी मां को लाल चुनरी, बिंदी और गहनों के साथ दुल्हन सा सजाया जाता है। मां तुलसी के भक्त विधि-विधान के साथ उनकी पूजा करते हैं और इसके बाद एक धागे का उपयोग करके भगवान शालिग्राम को बांध दें।





