#प्रदेश

पवन साय की कार पर गमला फेंकने मामले ने मचाई खलबली,भाजपाई चौंके,कांग्रेस कस रही तंज

Advertisement Carousel

 



रायपुर। छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय की कार पर हमले की खबर सामने आने के बाद राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में हड़कंप मच गया है। इस घटना ने न केवल भाजपा नेताओं को चौंकाया, बल्कि प्रशासन में भी खलबली मचा दी।

घटना की जानकारी जंगल में आग की तरह फैली, जिससे तत्काल प्रभाव से राज्य की राजनीति गरमा गई। पवन साय को वर्तमान भाजपा सरकार में सबसे बड़ी ताकत का केंद्र माना जाता है और कई सत्ताधारी लोग उनके आगे झुकते हैं। यही वजह है कि इस घटना को बेहद गंभीरता से लिया जा रहा है।

यह खबर जैसे ही कांग्रेस कार्यालय पहुंची, विपक्षी दल ने इसे लेकर सरकार पर निशाना साधा। छत्तीसगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया और सवाल उठाया कि कहीं यह भाजपा की आपसी कलह तो नहीं? वहीं कांग्रेस प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने भाजपा सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए पवन साय के कुशल होने की कामना की और पूरी भाजपा पर तीखा तंज कसा।

हमले का कारण और नई जानकारी
शुरुआती अटकलों के बाद अब यह बात सामने आ रही है कि नशे में धुत किसी पुलिसकर्मी ने पवन साय की कार पर गमला फेंका था। इस घटना ने सरकार की शराब नीति को लेकर भी बहस छेड़ दी है। कई लोगों का कहना है कि सरकार द्वारा राजस्व बढ़ाने के लिए जगह-जगह शराब की दुकानें खोलने की नीति के कारण इस तरह की घटनाएं होना स्वाभाविक है। इस संदर्भ में पुलिस को दोषी ठहराना उचित नहीं, क्योंकि वे तो केवल सरकार की नीतियों का पालन कर रहे हैं।
यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि छत्तीसगढ़ के सबसे शक्तिशाली व्यक्तियों में से एक पवन साय, जो नशे के कहर का शिकार होने से बाल-बाल बचे हैं, इस घटना से कोई सबक लेते हैं या इसे भी ‘आयाराम-गयाराम’ की तरह भुला दिया जाता है।