#प्रदेश

कोरबा कलेक्टर के खिलाफ पूर्व गृहमंत्री ननकीराम कंवर ने खोला मोर्चा, हटाने की मांग पर अड़े,जानें क्या है मामला

Advertisement Carousel

कोरबा। छत्तीसगढ़ के पूर्व गृहमंत्री और भाजपा नेता ननकीराम कंवर ने कोरबा के कलेक्टर अजित वसंत को हटाने की मांग को लेकर प्रदेश सरकार और भाजपा संगठन को नोटिस भेजा है। उन्होंने कलेक्टर पर हिटलरशाही प्रशासन चलाने और भ्रष्टाचार के कई गंभीर आरोप लगाए हैं, जिसमें करोड़ों रुपये के फर्जीवाड़े और भाजपा कार्यकर्ताओं को जानबूझकर निशाना बनाने के मामले शामिल हैं। कंवर ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को लिखे पत्र में चेतावनी दी है कि अगर कलेक्टर को नहीं हटाया गया तो वे शासन-प्रशासन के खिलाफ धरने पर बैठेंगे।

लंबे समय से चल रहा है विवाद
कलेक्टर अजित वसंत और पूर्व मंत्री ननकीराम कंवर के बीच का विवाद नया नहीं है। इससे पहले भी दोनों के बीच कई बार तनातनी हो चुकी है। हाल ही में कलेक्टर ने एक फेसबुक पोस्ट को लेकर पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल को नोटिस भेजा था, जिसमें कलेक्टर पर कटाक्ष किया गया था। कलेक्टर ने आरोप लगाया था कि यह पोस्ट शासन-प्रशासन की छवि को खराब कर रही है और सामाजिक सद्भाव बिगाड़ने की कोशिश है।

भ्रष्टाचार और फर्जीवाड़े के आरोप
ननकीराम कंवर ने कलेक्टर अजित वसंत पर कई बड़े भ्रष्टाचार के मामलों में संलिप्त होने का आरोप लगाया है। उनके मुताबिक, 40,000 स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के साथ अरबों रुपये की ठगी हुई है। इसके अलावा, मालगांव और रलिया में करोड़ों रुपये का फर्जी मुआवजा बांटने का भी आरोप लगाया गया है। कंवर ने कहा कि ये मामले जनता से सीधे तौर पर जुड़े हैं और इनमें बड़े पैमाने पर वित्तीय अनियमितता हुई है।

भाजपा कार्यकर्ताओं और पत्रकारों को निशाना बनाने का आरोप
कंवर ने यह भी आरोप लगाया है कि कलेक्टर भाजपा कार्यकर्ताओं और पत्रकारों को जानबूझकर परेशान कर रहे हैं। उन्होंने एक पत्रकार का घर तोड़ने, और भाजपा कार्यकर्ताओं के राइस मिल और पेट्रोल पंप को सील करने जैसे गंभीर आरोप लगाए। कंवर का कहना है कि कलेक्टर ने बदले की भावना से ये कार्रवाई की हैं, जो लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है।

राज्य सरकार पर संरक्षण का आरोप
ननकीराम कंवर ने दावा किया कि कलेक्टर को राज्य सरकार का संरक्षण प्राप्त है, जिसके कारण उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार और मनमानी के बावजूद कलेक्टर अपनी पोस्ट पर बने हुए हैं, जो यह दर्शाता है कि उन्हें राजनीतिक रूप से समर्थन मिल रहा है। कंवर ने भाजपा संगठन से इस मामले में हस्तक्षेप करने और जनहित में कलेक्टर को तत्काल हटाने की मांग की है।