#प्रदेश

नितिन नबीन 19 या 20 जनवरी को भाजपा के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष बनेंगे

Advertisement Carousel

 

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन 20 जनवरी को भाजपा के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष बन सकते हैं। कहा जा रहा है कि नितिन नबीन 19 जनवरी को राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल करेंगे। नितिन नबीन के प्रस्तावक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी बनेंगे। जानकारी के अनुसार कई राज्यों के अध्यक्ष भी उनके प्रस्तावक और समर्थक के रूप में नाॅमिनेशन फार्म पर हस्ताक्षर करेंगे। नितिन नबीन के चुनाव में हिस्सा लेने के लिए छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 19 जनवरी को दिल्ली जाएंगे। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, उनके निर्विरोध चुने जाने की पूरी संभावना है, क्योंकि किसी अन्य नेता के मैदान में उतरने की संभावना बेहद कम है। भाजपा के सूत्र ने बताया, अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए नामांकन 19 जनवरी को दाखिल किया जाएगा। सूत्रों के अनुसार, यदि आवश्यकता पड़ी तो जेपी नड्डा के स्थान पर नए भाजपा अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया पार्टी मुख्यालय में आयोजित की जाएगी।बिहार से पांच बार के विधायक नितिन नबीन को पिछले साल 14 दिसंबर को भाजपा का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया था।

सूत्रों के अनुसार, भाजपा शासित राज्यों के सभी मुख्यमंत्रियों, प्रदेश अध्यक्षों, राष्ट्रीय पदाधिकारियों और वरिष्ठ नेताओं को इस मौके पर दिल्ली में मौजूद रहने को कहा गया है। पार्टी के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के. लक्ष्मण राष्ट्रीय अध्यक्ष के नाम की औपचारिक घोषणा करेंगे। बताया गया है कि अध्यक्ष पद के लिए तीन सेट में नामांकन दाखिल किए जाएंगे। एक सेट पर 20 से अधिक निर्वाचित प्रदेश अध्यक्षों के हस्ताक्षर होंगे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, दूसरे सेट पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राजनाथ सिंह, अमित शाह और जेपी नड्डा के हस्ताक्षर होंगे। तीसरा सेट भाजपा राष्ट्रीय परिषद के सदस्यों का होगा। यदि केवल एक ही नामांकन आता है, तो उसी दिन अध्यक्ष की घोषणा कर दी जाएगी। इस बीच, भाजपा अध्यक्ष चुनाव की तैयारियों को लेकर जेपी नड्डा की अध्यक्षता में एक अहम बैठक भी हुई। बैठक में नितिन नबीन के साथ बी एल संतोष, सुनील बंसल, अरुण सिंह और तरुण चुघ मौजूद रहे।

दिसंबर में कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया था

बिहार सरकार में मंत्री और पांच बार के विधायक नितिन नबीन को दिसंबर में कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया था। उनका चयन पार्टी में युवा नेतृत्व को आगे बढ़ाने के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है। हाल के महीनों में वह तमिलनाडु, असम, केरल, पश्चिम बंगाल और पुडुचेरी जैसे राज्यों में आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

कौन हैं नितिन नबीन?

नितिन नबीन मौजूदा वक्त में वह पटना की बांकीपुर विधानसभा सीट से विधायक हैं। बांकीपुर से इस बार नितिन नबीन पांचवीं बार विधायक बने हैं। नबीन छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रभारी भी हैं। बिहार सरकार में मंत्री नितिन नबीन कायस्थ समुदाय से आते हैं। 45 साल के नबीन सड़क निर्माण मंत्री हैं। इसी के साथ वह भाजपा नेता किशोर सिन्हा के बेटे हैं।

संगठन में फेरबदल : 50 वर्ष से कम उम्र को प्राथमिकता

सूत्रों के अनुसार भाजपा के राष्ट्रीय पदाधिकारियों में भी बड़ा फेरबदल किया जायेगा और उसमें 70 प्रतिशत कार्यकर्ता 50 वर्ष से कम उम्र के होंगे। 30 प्रतिशत वरिष्ठ लोगों को भी स्थान दिया जाएगा। उसमें कुछ केंद्रीय मंत्रियों को भी मंत्री परिषद से हटा कर संगठन के काम में लगाया जा सकता है।

छत्तीसगढ़ को भी मिलेगा दायित्व

सूत्र यह भी बता रहे हैं कि भाजपा के राष्ट्रीय संगठन में छत्तीसगढ़ को भी महत्व दिया जाएगा, छत्तीसगढ़ राज्य को भाजपा का एक राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और एक राष्ट्रीय मंत्री के रूप में नए चेहरे मिल सकते हैं, हालांकि कुछ भाजपा नेता छत्तीसगढ़ से राष्ट्रीय महामंत्री बनने के लिए नई दिल्ली में सक्रिय है।

संगठन के बाद मंत्रिमडल में भी बदलाव

सूत्रों ने बताया कि संगठन में फेरबदल के बाद, मोदी मंत्रिमडल में भी फेरबदल होने की पूर्ण संभावना है, मंत्री परिषद से 6 से 10 मंत्रियों को हटाया जा सकता है और इसमें एनडीए घटक के महाराष्ट्र और बिहार से नए चेहरे को लिया जा सकता है।