#प्रदेश

केंद्रीय बजट 2026 पर दीपक बैज ने दी प्रतिक्रिया , छत्तीसगढ़ की उपेक्षा का लगाया आरोप

Advertisement Carousel

रायपुर। केंद्रीय बजट 2026 पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत बजट देश की आम जनता को निराश करने वाला और बड़े कारपोरेट घरानों को लाभ पहुंचाने वाला बजट है। इस बजट में शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार जैसे बुनियादी मुद्दों पर कोई ठोस प्रावधान नहीं किया गया है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि छत्तीसगढ़ की एक बार फिर घोर उपेक्षा की गई है। तथाकथित डबल इंजन की सरकार ने राज्य को ठगने का काम किया है। बजट में छत्तीसगढ़ के कोयला और खनिज संसाधनों के दोहन के लिए तो कोरिडोर बनाने की बात की गई, लेकिन राज्य के विकास के लिए कोई विशेष पैकेज या योजना नहीं दी गई। देश को सर्वाधिक कोयला, आयरन ओर और बॉक्साइट देने वाला छत्तीसगढ़ इस बार भी केंद्र सरकार की अनदेखी का शिकार हुआ है।

दीपक बैज ने कहा कि महंगाई कम करने, नए रोजगार सृजन और करों में राहत देने के मामले में यह बजट पूरी तरह विफल रहा है। इस बजट से युवा वर्ग और छोटे व्यापारी सबसे अधिक निराश हुए हैं।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने वित्त मंत्री के उस दावे पर भी सवाल उठाया, जिसमें कहा गया कि केंद्र सरकार ने 25 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से बाहर निकाला है। उन्होंने कहा कि यदि ऐसा है, तो फिर देश की 61 प्रतिशत आबादी यानी करीब 81 करोड़ लोगों को आज भी 5 किलो मुफ्त राशन देने का दावा सरकार क्यों कर रही है।

दीपक बैज ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा हर साल 2 करोड़ रोजगार देने के वादे को पूरा करने के लिए बजट में कोई ठोस प्रावधान नहीं है। लघु एवं मध्यम उद्योगों के लिए मात्र 10 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान ऊंट के मुंह में जीरा समान है।
उन्होंने कहा कि बजट में कृषि क्षेत्र की भी घोर उपेक्षा की गई है। पहले किसानों की आय दोगुनी करने की बात की गई थी, लेकिन इस बजट में इसके लिए कोई स्पष्ट रोडमैप नहीं है। अब सिर्फ किसानों की आय बढ़ाने की बात कहकर जनता को गुमराह किया जा रहा है।