#राष्ट्रीय

भारत–अमेरिका अंतरिम ट्रेड डील: पीयूष गोयल ने कहा – जीरो ड्यूटी से एक्सपोर्ट को बूस्ट, किसानों और उद्योग को बड़ा फायदा

Advertisement Carousel

 

दिल्ली।भारत और अमेरिका के बीच अंतरिम व्यापार समझौते को लेकर एक अहम फ्रेमवर्क सामने आया है, जिसे दोनों देशों के बीच होने वाली व्यापक ट्रेड डील की मजबूत नींव माना जा रहा है। इस समझौते पर वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने इसे भारत के भविष्य के लिए दूरदर्शी कदम बताया है।

पीयूष गोयल ने कहा कि इस समझौते में किसानों और घरेलू हितों की पूरी सुरक्षा की गई है। उन्होंने इसे देश के लिए उत्साहजनक बताते हुए कहा कि यह दिन भारत की आर्थिक यात्रा में ऐतिहासिक साबित होगा।

केंद्रीय मंत्री के अनुसार, यह समझौता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच मजबूत संबंधों और आपसी विश्वास का परिणाम है, जिसने दोनों देशों को व्यापारिक साझेदारी को नई ऊंचाई देने का अवसर दिया है।

विकसित भारत की दिशा में अहम कदम

पीयूष गोयल ने कहा कि 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने की दिशा में यह समझौता एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। फरवरी 2025 में शुरू हुई द्विपक्षीय व्यापार वार्ता का उद्देश्य भारत और अमेरिका के बीच सालाना 500 अरब डॉलर के व्यापार को साकार करना है।

उन्होंने कहा कि इस लक्ष्य की ओर बढ़ने में आज का दिन सुनहरे अक्षरों में दर्ज किया जाएगा, क्योंकि इससे देशभर में नए अवसरों और संभावनाओं की उम्मीद जगी है।

इन भारतीय उत्पादों पर मिलेगी जीरो ड्यूटी

इस अंतरिम समझौते के तहत अमेरिका को भारत से होने वाले कई निर्यातों पर शून्य शुल्क (Zero Duty) लागू किया जाएगा। इनमें प्रमुख रूप से शामिल हैं:

रत्न और हीरे

फार्मास्युटिकल उत्पाद

स्मार्टफोन और इलेक्ट्रॉनिक्स

इस फैसले से भारतीय निर्यातकों को अमेरिकी बाजार में बड़ी प्रतिस्पर्धात्मक बढ़त मिलने की उम्मीद है।

कृषि क्षेत्र को भी मिलेगा बड़ा फायदा

कृषि उत्पादों के लिए जीरो रेसिप्रोकल टैरिफ लागू किया जाएगा, जिससे भारतीय किसानों को सीधा लाभ होगा। भारत से अमेरिका को जिन कृषि उत्पादों का निर्यात बढ़ेगा, उनमें शामिल हैं:

मसाले, चाय और कॉफी

नारियल और नारियल तेल

काजू, सुपारी, ब्राजील नट और चेस्टनट

कई फल और सब्जियाँ

अर्थव्यवस्था पर असर

इस समझौते से भारत के निर्यात को नई गति मिलने, रोजगार के अवसर बढ़ने और वैश्विक बाजार में भारत की स्थिति और मजबूत होने की संभावना है।