#crime #प्रदेश

रेत माफिया की गुंडागर्दी: वनकर्मियों को कुचलने की कोशिश, 6 KM तक पीछा, एक आरोपी गिरफ्तार

Advertisement Carousel

 

गौरेला। गौरेला वन रेंज में रेत माफिया की दबंगई का सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां अवैध रेत तस्करी रोकने गई वन विभाग की टीम पर माफिया ने जानलेवा हमला करने की कोशिश की। घने जंगलों के नालों से रेत भरकर ले जा रहे ट्रक को रोकने पर माफिया ने वनकर्मियों को कार से कुचलने का प्रयास किया।

घटना अमरकंटक बॉर्डर के पास की है। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम ने मध्यप्रदेश की ओर से आ रहे रेत से लदे ट्रक को रोका, लेकिन माफिया कार और ट्रक के साथ फरार हो गया। वनकर्मियों ने साहस दिखाते हुए करीब 6 किलोमीटर तक पीछा किया। इसी दौरान माफिया ने कार घुमाकर वनकर्मियों को टक्कर मारने की कोशिश की।

हालात बिगड़ते देख आरोपी अमरकंटक सीमा पर कार और ट्रक छोड़कर जंगल की ओर भाग निकले। मौके से वन विभाग ने अवैध रेत से भरा ट्रक और एक कार जब्त की है। पूरी घटना का वीडियो वनकर्मियों ने रिकॉर्ड किया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

वीडियो के आधार पर पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी समेत पूरा गिरोह अभी फरार बताया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में गिरोह के तार मध्यप्रदेश से जुड़े होने की बात सामने आ रही है। पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।