Breaking : तिफरा इंडस्ट्रियल एरिया की पेंट फैक्ट्री में भीषण आग, अफरा-तफरी का माहौल
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के तिफरा इंडस्ट्रियल एरिया स्थित अनव इंडस्ट्री में भीषण आग लग गई। पेंट और पुट्टी बनाने वाली इस फैक्ट्री की पूरी इमारत आग की चपेट में आ गई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलते ही दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया गया। आग की तीव्रता को देखते हुए आसपास के क्षेत्रों को एहतियातन खाली कराया जा रहा है। स्थानीय लोग भी घटनास्थल पर जुट गए और दमकल कर्मियों की मदद कर रहे हैं।
आग पर काबू पाने की कोशिश जारी
दमकल टीम आग को फैलने से रोकने और आसपास की अन्य इमारतों को सुरक्षित रखने के लिए लगातार मशक्कत कर रही है। पेंट और केमिकल सामग्री होने के कारण आग तेजी से फैली, जिससे हालात चुनौतीपूर्ण हो गए।
हताहत की पुष्टि नहीं
फिलहाल इस घटना में किसी के हताहत होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। स्थानीय प्रशासन और पुलिस बल मौके पर मौजूद हैं और स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। प्रारंभिक जांच में इलेक्ट्रिकल शॉर्ट सर्किट या किसी अन्य कारण की पुष्टि नहीं हुई है। आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद ही वास्तविक कारण सामने आ सकेगा।




