Big Breaking : फरीदाबाद के मुजेसर में फैक्टरी में भीषण विस्फोट, 30 से अधिक मजदूर झुलसे
फरीदाबाद। हरियाणा के फरीदाबाद शहर के मुजेसर इलाके में सोमवार शाम एक निजी कंपनी में बड़ा हादसा हो गया। मेटल शीट कटिंग का काम करने वाली इस फैक्टरी में रखे केमिकल ड्रमों में अचानक विस्फोट हो गया। एक ड्रम में धमाका होने के बाद एक के बाद एक कई ड्रम फटते चले गए, जिससे आग लग गई और मौके पर अफरातफरी मच गई।
हादसे का विवरण और बचाव कार्य
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कर्मचारी रोज की तरह काम कर रहे थे, तभी अचानक जोरदार धमाका हुआ। इसके बाद आसपास रखे कई ड्रम विस्फोट की चपेट में आ गए। आग और धमाके से 30 से अधिक कर्मचारी झुलस गए।
सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। करीब 20 एंबुलेंस घटनास्थल पर लगाई गईं। घायलों को तुरंत सिविल अस्पताल और आसपास के निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। कई घायलों का इलाज बीके अस्पताल में चल रहा है, जहां कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस और दमकल कर्मी भी घायल
बचाव कार्य के दौरान कुछ पुलिसकर्मी और दमकल विभाग के कर्मचारी भी घायल हो गए। एंबुलेंस चालक रवि के मुताबिक राहत अभियान के दौरान कई कर्मी भी आग और विस्फोट की चपेट में आए।
राहगीर और दुकानदार भी प्रभावित
घायल विपिन ने बताया कि वह घटनास्थल से लगभग 500 मीटर दूर सड़क पर थे, फिर भी धमाके की चपेट में आ गए। फैक्टरी के आसपास की दुकानों के संचालक और राहगीर भी इस हादसे से प्रभावित हुए हैं।
जांच के आदेश, सुरक्षा पर उठे सवाल
प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। कंपनी प्रबंधन से जवाब मांगा गया है। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि केमिकल ड्रमों के भंडारण और सुरक्षा मानकों में लापरवाही इस हादसे का कारण हो सकती है।
प्रशासन का कहना है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सभी औद्योगिक इकाइयों की सुरक्षा जांच की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।





