#देश-विदेश #अंतरराष्ट्रीय

ग्लोबल टैरिफ पर अडिग डोनाल्ड ट्रंप, भारत पर अब कितना होगा शुल्क?

Advertisement Carousel

वॉशिंगटन। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने संयुक्त राज्य सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बावजूद अपनी टैरिफ नीति से पीछे हटने से इनकार कर दिया है। सुप्रीम कोर्ट ने 6-3 के बहुमत से राष्ट्रपति द्वारा लगाए गए टैरिफ को अवैध करार दिया, जिसके बाद ट्रंप ने 150 दिनों के लिए 10 प्रतिशत ग्लोबल टैरिफ लागू करने का कार्यकारी आदेश जारी कर दिया। यह नया प्रावधान 24 फरवरी से प्रभावी होगा।

भारत पर कितना लगेगा टैरिफ?

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पहले भारत पर 18 प्रतिशत टैरिफ लागू था। यूरोपीय संघ और जापान जैसे देशों पर 15 प्रतिशत, जबकि ब्रिटेन पर 10 प्रतिशत शुल्क लगाया गया था। अब 10 प्रतिशत के नए ग्लोबल टैरिफ के लागू होने के बाद भारत सहित सभी प्रभावित देशों पर समान रूप से 10 प्रतिशत शुल्क लागू होने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि अभी शेष है।

भारत-अमेरिका व्यापार समझौते पर क्या असर?

ट्रंप ने स्पष्ट किया कि भारत के साथ घोषित अंतरिम व्यापार समझौते में कोई बदलाव नहीं होगा। उन्होंने कहा कि “कुछ नहीं बदलेगा।” ट्रंप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ अपने संबंधों को सकारात्मक बताते हुए कहा कि नई टैरिफ नीति से द्विपक्षीय समझौते पर असर नहीं पड़ेगा।

राष्ट्रीय सुरक्षा और आर्थिक तर्क

ट्रंप प्रशासन का कहना है कि 10 प्रतिशत अतिरिक्त आयात शुल्क अंतरराष्ट्रीय भुगतान असंतुलन को ठीक करने और अमेरिकी उद्योग, किसानों व निर्माताओं के हित में जरूरी है। ट्रंप ने दोहराया कि टैरिफ उनकी आर्थिक नीति का अहम हिस्सा हैं और इससे अमेरिका को दीर्घकालिक लाभ होगा।

सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर नाराजगी

सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए ट्रंप ने इसे निराशाजनक बताया और कुछ न्यायाधीशों की आलोचना भी की। फैसले के कुछ ही घंटों के भीतर उन्होंने नए अस्थायी आयात शुल्क को लागू करने का आदेश जारी कर दिया, जिससे स्पष्ट है कि वे अपनी टैरिफ नीति पर कायम हैं।