प्रयागराज में अमोनिया गैस टैंक फटने से बड़ा हादसा, कोल्ड स्टोरेज ध्वस्त; 8 मजदूरों की मौत, कई गंभीर

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में सोमवार को एक भीषण औद्योगिक हादसा सामने आया। फाफामऊ क्षेत्र के चंदापुर स्थित एक कोल्ड स्टोरेज में अमोनिया गैस टैंक फटने से पूरी इमारत धराशायी हो गई। हादसे में कम से कम आठ मजदूरों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह कोल्ड स्टोरेज समाजवादी पार्टी के नेता अंसार अहमद का बताया जा रहा है। हादसे के समय शीतगृह में डेढ़ दर्जन से अधिक मजदूर काम कर रहे थे। अचानक तेज धमाका हुआ और पूरी इमारत मलबे में तब्दील हो गई।
घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से राहत एवं बचाव कार्य तुरंत शुरू किया गया। दमकल की कई गाड़ियां, एंबुलेंस और पुलिस बल मौके पर पहुंच गए। मलबे में दबे मजदूरों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया जा रहा है।
रेस्क्यू ऑपरेशन में राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) और राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) की टीमें भी जुटी हुई हैं। जेसीबी मशीनों की मदद से मलबा हटाकर दबे लोगों की तलाश जारी है।
जिलाधिकारी और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और राहत कार्यों की निगरानी कर रहे हैं। हादसे के चलते प्रयागराज-लखनऊ हाईवे पर यातायात अस्थायी रूप से रोक दिया गया है।
बताया जा रहा है कि अमोनिया गैस के रिसाव के कारण बचाव कार्य में भी दिक्कतें आ रही हैं। वहीं, पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है और कोल्ड स्टोरेज से जुड़े कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। विशेषज्ञों का कहना है कि अमोनिया जैसे खतरनाक रसायनों के भंडारण में सुरक्षा मानकों की अनदेखी इस तरह के बड़े हादसों का कारण बन सकती है।
प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता देने और घायलों के समुचित इलाज का आश्वासन दिया है।





