#प्रदेश

Big News : 12वीं हिंदी पेपर लीक: परीक्षा निरस्त, अब 10 अप्रैल को दोबारा होगी परीक्षा

Advertisement Carousel

 

रायपुर। छत्तीसगढ़ में 12वीं बोर्ड की हिंदी परीक्षा को लेकर बड़ा फैसला लिया गया है। पेपर लीक की आशंका के चलते माध्यमिक शिक्षा मंडल ने हिंदी विषय की परीक्षा को निरस्त कर दिया है। यह परीक्षा 14 मार्च 2026 को आयोजित की गई थी।

जानकारी के अनुसार, परीक्षा से पहले सोशल मीडिया और व्हाट्सऐप ग्रुपों में कुछ सवाल वायरल होने के दावे सामने आए थे। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए मंडल ने तत्काल कार्रवाई करते हुए परीक्षा रद्द करने का निर्णय लिया।

मामले में जांच शुरू कर दी गई है और सिटी कोतवाली थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई है। साइबर सेल भी पूरे प्रकरण की जांच में जुटी हुई है, ताकि पेपर लीक के स्रोत का पता लगाया जा सके।

इधर, छात्र संगठन ने भी इस मुद्दे को लेकर विरोध जताया और निष्पक्ष जांच के साथ दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा जारी आदेश के अनुसार, अब हिंदी विषय की परीक्षा 10 अप्रैल 2026 को पुनः आयोजित की जाएगी। छात्रों को नई तिथि के अनुसार परीक्षा में शामिल होना होगा।