असम चुनाव 2026: भाजपा का घोषणापत्र जारी, महिलाओं को ₹3000 मासिक सहायता का वादा

० UCC लागू करने, 2 लाख नौकरियां और हर जिले में मेडिकल-इंजीनियरिंग कॉलेज खोलने का ऐलान
गुवाहाटी।असम विधानसभा चुनाव 2026 से पहले मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने भाजपा का घोषणापत्र जारी किया। इस दौरान केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल और राज्य भाजपा अध्यक्ष दिलीप सैकिया भी मौजूद रहे। भाजपा ने अपने घोषणापत्र में 31 प्रमुख वादों को शामिल करते हुए राज्य के समग्र विकास का रोडमैप पेश किया है।
मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि भाजपा का लक्ष्य असम को देश का सबसे उज्ज्वल राज्य बनाना है। उन्होंने यूनिफॉर्म सिविल कोड (UCC) लागू करने और कथित लव जिहाद के खिलाफ सख्त कदम उठाने का वादा किया।
० महिलाओं के लिए बड़ी घोषणाएं करते हुए पार्टी ने ओरुनोडोई योजना के तहत मिलने वाली सहायता राशि को 1,250 रुपये से बढ़ाकर 3,000 रुपये प्रति माह करने की बात कही। वहीं, लाखपती दीदी योजना के तहत 40 लाख महिलाओं को 25,000 रुपये की आर्थिक मदद देने का भी ऐलान किया गया है।
० रोजगार और विकास पर जोर देते हुए भाजपा ने अगले पांच वर्षों में 2 लाख नई नौकरियां देने का वादा किया है। साथ ही, हर जिले में एक मेडिकल कॉलेज, एक विश्वविद्यालय और एक इंजीनियरिंग कॉलेज स्थापित करने का लक्ष्य रखा गया है। राज्य को बाढ़ मुक्त बनाने के लिए 18,000 करोड़ रुपये की परियोजना भी शुरू करने की घोषणा की गई है।
० सीएम सरमा ने चुनावी संभावनाओं पर दावा करते हुए कहा कि भाजपा 96 से 100 सीटें जीत सकती है, जबकि कांग्रेस 15-16 सीटों तक सिमट सकती है। उन्होंने अन्य दलों जैसे यूडीएफ, राइजोर दल और असम जनता पार्टी के प्रदर्शन को भी सीमित बताया।
० निर्मला सीतारमण ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा ने पिछले दस वर्षों में असम में जो विकास कार्य किए हैं, वह कांग्रेस 60 वर्षों में नहीं कर पाई। उन्होंने कहा कि भाजपा का घोषणापत्र शिक्षा, स्वास्थ्य, बुनियादी ढांचे और रोजगार जैसे क्षेत्रों में ठोस उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं पर आधारित है।
० असम भाजपा अध्यक्ष दिलीप सैकिया ने बताया कि घोषणापत्र तैयार करने के लिए राज्यभर से 2.45 लाख सुझाव प्राप्त किए गए। उन्होंने कहा कि भाजपा का लक्ष्य असम को सुरक्षित, स्थिर और विकसित राज्य बनाना है।
० गौरतलब है कि असम की 126 विधानसभा सीटों के लिए 9 अप्रैल को एक चरण में मतदान होगा, जबकि मतगणना 4 मई को की जाएगी। भाजपा, असम गण परिषद (AGP) और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (BPF) के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ रही है।





