#प्रदेश

157 वर्ष पुराने श्री बांके बिहारी मंदिर में 14 मई को होगा भव्य प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव

Advertisement Carousel

० 8 मई से प्रारंभ हुए सात दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान, 13 मई को भजन संध्या एवं 14 मई को निकलेगी भव्य रथयात्रा
रायपुर।रायपुर के हृदय स्थल नयापारा, सदर बाजार स्थित लगभग 157 वर्ष पुराने श्री बांके बिहारी मंदिर के जीर्णोद्धार एवं पुनर्निर्माण कार्य पूर्ण होने के पश्चात मंदिर में विग्रह प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का आयोजन 14 मई 2026, गुरुवार को भव्य रूप से किया जाएगा। सात दिवसीय धार्मिक अनुष्ठानों की शुरुआत 8 मई से हो चुकी है।

मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष डॉ. अशोक अग्रवाल एवं महामंत्री सुरेश चौधरी ने जानकारी देते हुए बताया कि यह ऐतिहासिक मंदिर सन 1870 में श्रद्धेय श्री बैजू अग्रवाल जी द्वारा स्थापित किया गया था। वर्षों से यह मंदिर लाखों श्रद्धालुओं की आस्था, भक्ति और श्रद्धा का केंद्र रहा है। समय के प्रभाव से मंदिर जीर्ण अवस्था में पहुंच गया था, जिसके बाद मंदिर ट्रस्ट एवं समाजजनों के सहयोग से इसका पुनर्निर्माण राजस्थानी वास्तुकला शैली में भव्य रूप से कराया गया है।

उन्होंने बताया कि, मंदिर में भगवान श्री बांके बिहारी जी एवं राधा जी के साथ-साथ भगवान शिव-पार्वती एवं ज्योतिर्लिंग, अष्टभुजा मां दुर्गा, श्री हनुमान जी, माता महालक्ष्मी एवं भगवान श्री अग्रसेन के विग्रह स्थापित किए जाएंगे। भगवान श्री बांके बिहारी जी की लगभग 5 फीट ऊंची आदमकद प्रतिमा तथा अन्य देवी-देवताओं की 3 फीट ऊंची प्रतिमाएं मकराना के सफेद संगमरमर से निर्मित होकर जयपुर से रायपुर पहुंच चुकी हैं।

मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष डॉ मनोज अग्रवाल एवं कोषाध्यक्ष अजय खेतान ने बताया कि, संपूर्ण प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव प्रख्यात कथावाचक एवं ज्योतिषाचार्य आचार्य श्री ओमप्रकाश जोशी जी के सानिध्य में संपन्न होगा। आयोजन में 11 विद्वान पंडित सात दिनों तक विभिन्न वैदिक मंत्रों एवं स्रोतों का पाठ करेंगे।
मंदिर ट्रस्ट द्वारा बताया गया कि इस भव्य निर्माण कार्य को पूर्ण करने में पिछले दो वर्षों से सैकड़ों मजदूर दिन-रात कार्यरत रहे।

मंदिर ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष विनोद अग्रवाल एवं निर्माण समिति के सचिव नंदकिशोर अग्रवाल ने बताया कि, मंदिर के प्रथम तल पर स्थित “अर्णव हाल” का नामकरण स्वर्गीय अर्णव अग्रवाल की पुण्य स्मृति में उनके परिजनों द्वारा किया गया है। वहीं वरिष्ठ नागरिकों की सुविधा हेतु अत्याधुनिक लिफ्ट का निर्माण ए.एस.आर. एलीवेटर, गुड़गांव द्वारा किया जा रहा है।

प्रचार प्रसार प्रमुख संजय अग्रवाल एवं संजीव अग्रवाल ने बताया कि इस ऐतिहासिक मंदिर से स्वतंत्रता संग्राम की स्मृतियां भी जुड़ी हुई हैं। स्वतंत्रता सेनानियों से लेकर अनेक प्रतिष्ठित व्यक्तित्व यहां दर्शन हेतु आते रहे हैं। भारतीय सिनेमा के पितामह कहे जाने वाले प्रसिद्ध अभिनेता एवं निर्माता श्री पृथ्वीराज कपूर ने भी रायपुर प्रवास के दौरान मंदिर पहुंचकर ठाकुर जी के चरणों में दंडवत प्रणाम कर आशीर्वाद प्राप्त किया था।

धर्म प्रेमियों से विशेष आग्रह किया गया है कि प्राण प्रतिष्ठा विधान के अंतर्गत भगवान के आसन के नीचे स्थापित किए जाने हेतु श्रद्धालुजन मूंगा, मोती, सोना, चांदी, तांबा एवं अन्य शुभ धातुएं एवं रत्न श्रद्धा अनुसार अर्पित कर सकते हैं।

सात दिवसीय कार्यक्रम इस प्रकार रहेंगे —
08 मई 2026, शुक्रवार
वेदी पूजन एवं मूर्ति अभिषेक – प्रातः 11:30 बजे
कलश यात्रा – शाम 4:30 बजे
जलाधिवास – शाम 6:00 बजे
09 मई 2026, शनिवार
वेदी पूजन – प्रातः 9:30 बजे
अन्नाधिवास
10 मई 2026, रविवार
वेदी पूजन – प्रातः 9:30 बजे
फलाधिवास
11 मई 2026, सोमवार
वेदी पूजन – प्रातः 9:30 बजे
मेवाधिवास एवं मिष्टाधिवास
12 मई 2026, मंगलवार
वेदी पूजन – प्रातः 9:30 बजे
शय्याधिवास एवं कर्पधिवास

13 मई 2026, बुधवार
वेदी पूजन – प्रातः 9:30 बजे
मूर्ति महास्नान एवं नेत्रोन्मीलन – प्रातः 11:30 बजे
हवन – शाम 6:30 बजे
भजन संध्या – रात्रि 8:00 बजे से
प्रसिद्ध भजन गायक श्री तरुण सोनी एवं पार्टी द्वारा प्रस्तुति

14 मई 2026, गुरुवार
रथयात्रा – प्रातः 8:00 बजे
प्राण प्रतिष्ठा – प्रातः 11:00 बजे
मूर्ति स्थापना एवं महाआरती – प्रातः 11:30 बजे
भंडारा प्रसादी – दोपहर 1:30 बजे से

मंदिर ट्रस्ट ने सभी श्रद्धालुओं, भक्तजनों एवं धर्मप्रेमियों से आग्रह किया है कि वे इस दिव्य एवं ऐतिहासिक आयोजन में सपरिवार उपस्थित होकर पुण्य लाभ प्राप्त करें तथा इस उत्सव को अपना स्वयं का उत्सव मानकर सहभागी बनें।
जय श्री बांके बिहारी लाल की जय।