#प्रदेश

दल्ली राजहरा हादसे में बड़ी कार्रवाई, BSP के दो अधिकारी निलंबित, 3 मजदूरों की हुई थी मौत

Advertisement Carousel

 

दल्लीराजहरा। Dalli Rajhara में सीवरेज पाइपलाइन विस्तार कार्य के दौरान मिट्टी धंसने से तीन मजदूरों की मौत के मामले में बड़ी कार्रवाई की गई है। लापरवाही के आरोप में Steel Authority of India Limited की इकाई BSP के दो अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया है।

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के अनुसार, दल्ली राजहरा थाना क्षेत्र के फुटबॉल ग्राउंड स्थित दास पान ठेला के सामने सीवरेज पाइपलाइन विस्तार परियोजना के तहत खुदाई का काम चल रहा था। जेसीबी और चेन माउंट मशीन की मदद से गहरी खुदाई की जा रही थी। इसी दौरान अचानक मिट्टी धंस गई और वहां काम कर रहे मजदूर मलबे में दब गए।

हादसे में तीनों मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और स्थानीय लोगों ने सुरक्षा इंतजामों को लेकर सवाल उठाए।

मृतकों की हुई पहचान

हादसे में जान गंवाने वाले मजदूरों की पहचान किशुन कुमार (54), राकेश कुमार (28) और बैशाखिन (50) के रूप में हुई है। आरोप है कि मजदूरों को बिना पर्याप्त सुरक्षा उपकरण और बैरिकेडिंग के गहरे गड्ढे में काम करने भेजा गया था।

स्थानीय लोगों का कहना है कि मिट्टी धंसने से बचाव के लिए जरूरी सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया गया, जिसके चलते यह बड़ा हादसा हुआ।

BSP के डीजीएम और एजीएम निलंबित

घटना के बाद मृतकों के परिजनों ने BSP अस्पताल के सामने जमकर प्रदर्शन किया और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की। इसके बाद BSP प्रबंधन ने डीजीएम मंगेश सेलकर और एजीएम सिविल रमेश कुमार को निलंबित कर दिया।

पुलिस जांच जारी

पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद जिम्मेदार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जा सकती है। वहीं प्रशासन ने हादसे के कारणों की विस्तृत जांच के निर्देश दिए हैं।