#प्रदेश

प्रेमी की शादी तय होने से नाराज नाबालिग चढ़ी मोबाइल टॉवर पर, 3 घंटे चला हाई वोल्टेज ड्रामा

Advertisement Carousel

जशपुर।जशपुर जिले के तुमला थाना क्षेत्र में बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक नाबालिग लड़की अचानक मोबाइल टॉवर पर चढ़ गई। बताया जा रहा है कि युवती अपने प्रेमी की दूसरी जगह शादी तय होने से नाराज थी। करीब तीन घंटे तक चले इस हाई वोल्टेज ड्रामे ने ग्रामीणों और प्रशासन की चिंता बढ़ा दी।

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए डायल-112 और पुलिस को सूचना दी गई। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।

पुलिस और ग्रामीणों ने संभाली स्थिति

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से युवती को समझाने का प्रयास शुरू किया। घंटों तक बातचीत और समझाइश के बाद आखिरकार नाबालिग को सुरक्षित टॉवर से नीचे उतार लिया गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कोल्हनझरिया गांव की रहने वाली युवती अपने प्रेमी की दूसरी जगह शादी तय होने से आहत थी। इसी वजह से उसने यह कदम उठाया। हालांकि पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

सुरक्षित उतारकर दी गई समझाइश

पत्थलगांव एसडीओपी ध्रुवेश जायसवाल ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के सहयोग से नाबालिग बालिका को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। फिलहाल उसे समझाइश दी जा रही है और परिजनों से भी बातचीत की जा रही है।