#प्रदेश

सेजबहार फेस-1 में अवैध कब्जे पर कार्रवाई, गृह निर्माण मंडल ने हटाया अतिक्रमण

Advertisement Carousel

रायपुर। छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल ने सेजबहार फेस-1 कॉलोनी में अपनी भूमि पर किए गए अवैध कब्जे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अनधिकृत रूप से बनाई जा रही सड़क को हटाकर जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया है। मंडल की टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की और स्पष्ट किया कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

जानकारी के अनुसार, दीनदयाल आवास योजना के तहत वर्ष 2006 में ग्राम सेजबहार और दतरेंगा की करीब 21.538 हेक्टेयर भूमि आवासीय परियोजना विकसित करने के लिए गृह निर्माण मंडल को आबंटित की गई थी। स्वीकृत ले-आउट के अनुसार यहां 1435 एलआईजी (लो इनकम ग्रुप) आवासों का निर्माण प्रस्तावित था।

मंडल के निरीक्षण में सामने आया कि स्वीकृत योजना के तहत 1327 आवासों का निर्माण किया गया, जबकि 39 भवन निर्धारित ले-आउट से अलग बनाए गए। भूमि विवाद के चलते 79 आवासों का निर्माण नहीं हो सका।

हाल ही में कराए गए सीमांकन के दौरान यह खुलासा हुआ कि एक निजी बिल्डर मंडल की भूमि के हिस्से पर अवैध कब्जा कर बिना अनुमति सड़क का निर्माण कर रहा था। सीमांकन रिपोर्ट में अतिक्रमण की पुष्टि होने के बाद मंडल ने तत्काल कार्रवाई शुरू की।

कार्यपालन अभियंता नितेश कश्यप के नेतृत्व में मंडल की टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध सड़क को हटाया और भूमि को कब्जा मुक्त कराया। कार्रवाई में मंडल के कई अधिकारी एवं अभियंता शामिल रहे।

मंडल अधिकारियों ने बताया कि संबंधित भूमि उनकी महत्वपूर्ण परिसंपत्ति है और भविष्य में यहां नई आवासीय परियोजना विकसित करने की योजना है। उन्होंने कहा कि सरकारी भूमि और परिसंपत्तियों की सुरक्षा के लिए अतिक्रमण के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।