#प्रदेश

पीएम-सेतु योजना के तहत आधुनिक होंगी आईटीआई, AI और ड्रोन तकनीक की मिलेगी ट्रेनिंग

Advertisement Carousel

रायपुर। प्रधानमंत्री सेतु (PM-SETU) योजना के तहत छत्तीसगढ़ की सरकारी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) को आधुनिक और उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप विकसित किया जाएगा। योजना का उद्देश्य युवाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), ड्रोन तकनीक और अन्य उभरते क्षेत्रों में प्रशिक्षित कर रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।

इस संबंध में राज्य स्तरीय स्टीयरिंग समिति की बैठक बुधवार को मंत्रालय महानदी भवन में मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में पीएम-सेतु योजना के तहत चयनित आईटीआई संस्थानों के उन्नयन कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई।

बैठक में स्थानीय उद्योगों की जरूरतों के अनुसार आईटीआई को अपग्रेड करने, उद्योग-नेतृत्व वाले एंकर इंडस्ट्रियल पार्टनर्स के चयन के लिए पात्रता मानदंड तय करने तथा उद्योगों एवं सार्वजनिक उपक्रमों को प्रस्ताव प्रक्रिया में शामिल करने पर विस्तृत चर्चा हुई।

योजना के तहत पुरानी मशीनों को आधुनिक उपकरणों से बदला जाएगा। साथ ही स्मार्ट क्लासरूम, डिजिटल कंटेंट और नई तकनीकों पर आधारित प्रशिक्षण सुविधाएं विकसित की जाएंगी, जिससे विद्यार्थियों को उद्योगों की वर्तमान मांग के अनुरूप कौशल मिल सके।

बैठक में एंकर इंडस्ट्रियल पार्टनर्स के ऑनबोर्डिंग के लिए तैयार किए जा रहे ड्राफ्ट प्रस्तावों और प्रक्रिया पर भी विचार-विमर्श किया गया।

इस अवसर पर वाणिज्य एवं उद्योग विभाग के सचिव रजत कुमार, कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग के सचिव बसवराजु एस. सहित वित्त, श्रम, स्कूल शिक्षा, सूचना प्रौद्योगिकी विभाग, छत्तीसगढ़ स्टेट काउंसिल, रोजगार एवं प्रशिक्षण, सीआईआई तथा भारत सरकार के कौशल विकास एवं उद्यमशीलता महानिदेशालय के अधिकारी मौजूद रहे।