CG विधानसभा मानसून सत्र: आज चौथे दिन हंगामे के आसार, PDS, प्लास्टिक प्रतिबंध और खेल विश्वविद्यालय पर होगी चर्चा

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र का आज चौथा दिन कई अहम मुद्दों और विधायी कार्यों के नाम रहेगा। प्रश्नकाल के दौरान मंत्री राजेश अग्रवाल, रामविचार नेताम और ओपी चौधरी सदस्यों के सवालों के जवाब देंगे। वहीं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सहित मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े और दयालदास बघेल सदन के पटल पर विभिन्न पत्र रखेंगे।
ईज़ ऑफ डूइंग बिजनेस विधेयक होगा पारित
आज सदन में छत्तीसगढ़ ईज़ ऑफ डूइंग बिजनेस विधेयक पारित किए जाने की संभावना है। इसके अलावा उद्योग मंत्री औद्योगिक निवेश प्रोत्साहन (संशोधन) अधिनियम भी सदन में पेश करेंगे।
63 ध्यानाकर्षण प्रस्ताव और 8 याचिकाएं
सत्र के चौथे दिन सदन में 63 ध्यानाकर्षण प्रस्ताव सूचीबद्ध हैं, जबकि 8 विधायक अपनी याचिकाएं प्रस्तुत करेंगे। इसके साथ ही गृह मंत्री विजय शर्मा छत्तीसगढ़ अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा (संशोधन) विधेयक को पारित कराने के लिए सदन में प्रस्तुत करेंगे।
PDS मुद्दे पर सरकार को घेरेंगे सुशांत शुक्ला
विधायक सुशांत शुक्ला सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) से जुड़े मुद्दे पर सरकार को घेरेंगे। इस पर खाद्य मंत्री दयालदास बघेल सदन में जवाब देंगे।
प्लास्टिक प्रतिबंध और खेल विश्वविद्यालय पर अशासकीय संकल्प
आज विधानसभा में दो महत्वपूर्ण अशासकीय संकल्प भी पेश किए जाएंगे। वरिष्ठ विधायक अजय चंद्राकर राज्य में बढ़ते प्लास्टिक उपयोग पर रोक लगाने का प्रस्ताव रखेंगे, जबकि विधायक सुशांत शुक्ला छत्तीसगढ़ में समर्पित खेल विश्वविद्यालय की स्थापना की मांग को लेकर अशासकीय संकल्प प्रस्तुत करेंगे।





