Gujarat News: भावनगर में नकली शराब पीने से 2 की मौत, 19 अस्पताल में भर्ती; चार तस्कर हिरासत में

भावनगर। गुजरात के भावनगर जिले में कथित तौर पर नकली शराब पीने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 19 अन्य लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार संदिग्ध शराब तस्करों को हिरासत में लिया है।
नकली बोतलों में भरी थी शराब
अधिकारियों के मुताबिक, प्रभावित लोगों ने एक IMFL (Indian Made Foreign Liquor) ब्रांड की नकली बोतलों में भरी शराब का सेवन किया था। इसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी।
भावनगर के जिलाधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि नकली बोतलों में भरी शराब पीने के बाद लोगों की हालत खराब हुई। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान दो लोगों की मौत हो गई। वहीं 19 अन्य लोगों का इलाज जारी है।
चार शराब तस्कर हिरासत में
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी। मामले में चार कथित शराब तस्करों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि नकली शराब कहां तैयार की गई और इसे किन लोगों तक पहुंचाया गया।
गुजरात में शराबबंदी के बावजूद तस्करी
गौरतलब है कि गुजरात ड्राई स्टेट है, जहां शराब का निर्माण, बिक्री और सेवन प्रतिबंधित है। इसके बावजूद राज्य में अवैध शराब की बिक्री और तस्करी के मामले सामने आते रहे हैं।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि नकली शराब की आपूर्ति के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।





