#प्रदेश

बालोद में भीषण सड़क हादसा, 5 युवकों की मौत; DJ से लदी पिकअप को ट्रक ने मारी टक्कर

Advertisement Carousel

बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद में शुक्रवार को नेशनल हाईवे-30 पर भीषण सड़क हादसा हो गया। मरकाटोला घाट के पास डीजे से लदी पिकअप और ट्रक के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक सड़क पर पलट गया, जबकि पिकअप बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में 5 युवकों की मौत हो गई, जबकि 5 अन्य घायल बताए जा रहे हैं।

पिकअप में सवार थे करीब 10 युवक

जानकारी के मुताबिक, मरकाटोला घाटी के पास डीजे से लदी पिकअप खड़ी थी। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने पिकअप को जोरदार टक्कर मार दी। पिकअप में करीब 10 युवक सवार थे।

टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसे में पिकअप सवार युवकों और ट्रक चालक को गंभीर चोटें आईं। आसपास के लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।

2 की मौके पर मौत, 3 ने इलाज के दौरान दम तोड़ा

हादसा इतना भीषण था कि 2 युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल 3 युवकों की इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे में घायल 5 अन्य युवकों का अस्पताल में इलाज जारी है। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

सड़क पर दोनों वाहनों के क्षतिग्रस्त होने के कारण कुछ समय तक आवागमन भी प्रभावित रहा। सूचना मिलते ही पुरुर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं जांच का काम शुरू किया।

पुलिस कर रही हादसे की जांच

एडिशनल एसपी चन्द्रकान्त गवर्ना ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। हादसे में 5 युवकों की मौत हुई है, जबकि 5 घायल हैं और उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।

पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार को हादसे की वजह माना जा रहा है, हालांकि दुर्घटना की वास्तविक वजह जांच के बाद स्पष्ट होगी।

मरकाटोला घाटी पहले भी बन चुकी है हादसों का स्पॉट

नेशनल हाईवे-30 की मरकाटोला घाटी पर इससे पहले भी सड़क हादसे हो चुके हैं। अगस्त में इसी मार्ग पर मुंबई की 24 वर्षीय बाइक राइडर रिद्धि ठक्कर की सड़क दुर्घटना में मौत हुई थी। वह अपने बाइक ग्रुप के साथ बस्तर की ओर जा रही थीं।

एक बार फिर इसी मार्ग पर हुए दर्दनाक हादसे ने मरकाटोला घाटी में सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।