चक्रवात अकवान का असर! 23 ट्रेनें प्रभावित, वंदे भारत समेत कई ट्रेनें 8 घंटे तक लेट, 12 राज्यों के यात्री प्रभावित

भुवनेश्वर: चक्रवात अकवान के संभावित प्रभाव को देखते हुए रेलवे ने एहतियाती कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। यात्रियों की सुरक्षा और रेल परिचालन को व्यवस्थित बनाए रखने के लिए ईस्ट कोस्ट रेलवे (ECoR) ने 18 से 20 नवंबर के बीच चलने वाली 23 ट्रेनों के समय में बदलाव किया है। इनमें वंदे भारत एक्सप्रेस समेत कई प्रमुख ट्रेनें शामिल हैं। कुछ ट्रेनों को निर्धारित समय से कई घंटे देरी से रवाना किया जाएगा, जबकि कुछ का परिचालन मार्ग में नियंत्रित रहेगा। रेलवे ने यात्रियों को स्टेशन पहुंचने से पहले अपनी ट्रेन का संशोधित समय जांचने की सलाह दी है।
8 घंटे तक लेट चलेंगी ये ट्रेनें
रेलवे की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, 19 नवंबर को हावड़ा-तिरुचिरापल्ली एक्सप्रेस (12663) और एसएमवीटी बेंगलुरु-मुजफ्फरपुर एक्सप्रेस (15227) अपने निर्धारित समय से आठ घंटे देरी से रवाना होंगी।
वहीं, चार्लापल्ली-शालीमार ईस्ट कोस्ट एक्सप्रेस (18046) और जूनागढ़ रोड-भुवनेश्वर एक्सप्रेस (20838) को सात घंटे रीशेड्यूल किया गया है।
इसके अलावा विशाखापत्तनम-अमृतसर हीराकुद एक्सप्रेस (20807) 20 नवंबर को साढ़े पांच घंटे की देरी से चलेगी। जगदलपुर-भुवनेश्वर हीराखंड एक्सप्रेस (18448) 19 नवंबर और पलासा-कटक मेमू (68446) 20 नवंबर को पांच-पांच घंटे विलंब से रवाना होंगी।
वंदे भारत एक्सप्रेस भी प्रभावित
चक्रवात के मद्देनजर भुवनेश्वर-विशाखापत्तनम वंदे भारत एक्सप्रेस (20841) के परिचालन समय में भी बदलाव किया गया है। यह ट्रेन 20 नवंबर को साढ़े तीन घंटे की देरी से रवाना होगी। इसी दिन भुवनेश्वर-बेंगलुरु प्रशांति एक्सप्रेस (18463) और गुणुपुर-कटक मेमू (68434) भी साढ़े तीन घंटे विलंब से चलेंगी।
3 घंटे तक रीशेड्यूल की गईं ट्रेनें
19 नवंबर को हावड़ा-एसएमवीटी बेंगलुरु सुपरफास्ट एक्सप्रेस (12863) और शालीमार-वास्को डी गामा अमरावती एक्सप्रेस (18047) तीन घंटे की देरी से रवाना होंगी।
हावड़ा-चेन्नई मेल (12839) और एसएमवीटी बेंगलुरु-हावड़ा दुरंतो एक्सप्रेस (12246) को ढाई घंटे रीशेड्यूल किया गया है।
इन ट्रेनों के समय में भी बदलाव
रेलवे के अनुसार, 19 नवंबर को राउरकेला-गुणुपुर राज्यरानी एक्सप्रेस (18117), पटना-एर्नाकुलम सुपरफास्ट एक्सप्रेस (22644) और सिकंदराबाद-हावड़ा फलकनुमा एक्सप्रेस (12704) दो घंटे देरी से चलेंगी।
वहीं, 20 नवंबर को भुवनेश्वर न्यू-विशाखापत्तनम इंटरसिटी एक्सप्रेस (22819) और पलासा-भुवनेश्वर मेमू (68420) को भी दो घंटे विलंब से रवाना किया जाएगा।
इसके अलावा सिलचर-चार्लापल्ली एक्सप्रेस (15646) को 18 नवंबर और शालीमार-चार्लापल्ली स्पेशल (08045) को 20 नवंबर को एक घंटे की देरी से चलाने का निर्णय लिया गया है।
रेलवे ने यात्रियों से की अपील
ईस्ट कोस्ट रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे स्टेशन के लिए निकलने से पहले अपनी ट्रेन की ताजा स्थिति और संशोधित समय की जानकारी जरूर प्राप्त कर लें। चक्रवात के संभावित असर को देखते हुए परिचालन संबंधी बदलाव किए गए हैं, ताकि यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।




