Kartik Purnima 2026: कब है कार्तिक पूर्णिमा? जानें स्नान-दान का शुभ दिन और किन चीजों का दान करना माना जाता है फलदायी

कार्तिक पूर्णिमा 2026। हिंदू धर्म में कार्तिक पूर्णिमा का विशेष धार्मिक महत्व है। मान्यता है कि भगवान विष्णु के योगनिद्रा से जागने के बाद आने वाली यह पहली पूर्णिमा होती है। इस दिन पवित्र नदियों में स्नान, पूजा-पाठ और दान-पुण्य करने का विशेष महत्व बताया गया है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, कार्तिक पूर्णिमा पर जरूरतमंदों को दान करने से पुण्य की प्राप्ति होती है। विष्णु पुराण में भी इस तिथि की महिमा का वर्णन मिलता है। ऐसे में आइए जानते हैं, साल 2026 में कार्तिक पूर्णिमा कब मनाई जाएगी और इस दिन किन वस्तुओं का दान करना शुभ माना जाता है।
कब है कार्तिक पूर्णिमा 2026?
पंडित राकेश झा के अनुसार, कार्तिक मास की पूर्णिमा तिथि 23 नवंबर 2026, सोमवार की रात 11 बजकर 43 मिनट से शुरू होगी। इसका समापन 24 नवंबर 2026, मंगलवार की रात 8 बजकर 24 मिनट पर होगा। उदया तिथि के अनुसार कार्तिक पूर्णिमा का व्रत, स्नान और दान-पुण्य 24 नवंबर को किया जाएगा।
कार्तिक पूर्णिमा पर किन चीजों का करें दान?
कार्तिक का पूरा महीना भगवान विष्णु की आराधना के लिए विशेष माना जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस महीने में किए गए दान-पुण्य का विशेष फल मिलता है। कार्तिक पूर्णिमा के दिन जरूरतमंदों को अन्न, वस्त्र और धन का दान करना शुभ माना गया है। इस दिन इन वस्तुओं का दान कर सकते हैं।
1. अन्न और अनाज का दान: कार्तिक पूर्णिमा पर चावल, आटा, दाल और अन्य खाद्य सामग्री का दान करना शुभ माना जाता है। जरूरतमंदों को भोजन कराना भी पुण्यकारी बताया गया है।
2. वस्त्रों का दान: इस दिन गरीब और जरूरतमंद लोगों को नए कपड़े दान करना लाभकारी माना जाता है।
3. तिल का दान: धार्मिक मान्यताओं में कार्तिक पूर्णिमा पर तिल का दान विशेष महत्व रखता है। इसे शुभ फल देने वाला माना गया है।
4. घी और तेल का दान: इस पावन तिथि पर जरूरतमंदों को घी और तेल दान करने की भी परंपरा है।
5. कंबल और गर्म कपड़ों का दान: सर्दियों की शुरुआत को देखते हुए जरूरतमंदों को कंबल और गर्म कपड़े देना सेवा और पुण्य का कार्य माना जाता है।
6. धन का दान: अपनी सामर्थ्य के अनुसार गरीबों और जरूरतमंदों की आर्थिक सहायता करना भी शुभ माना गया है।
दान करते समय करें मंत्रों का जाप
कार्तिक पूर्णिमा पर दान करते समय भगवान विष्णु का स्मरण और मंत्रों का जाप करना शुभ माना जाता है। इस दिन श्रद्धा और सामर्थ्य के अनुसार दान करें। धार्मिक मान्यता है कि जरूरतमंदों की निःस्वार्थ सहायता करने से भगवान की कृपा प्राप्त होती है।




