रायपुर के बाल आश्रम में महात्मा गांधी के छत्तीसगढ़ आगमन की स्मृति में संगोष्ठी, बृजमोहन अग्रवाल ने रखे विचार

रायपुर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के छत्तीसगढ़ आगमन की स्मृतियों को सहेजने और उनके विचारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के उद्देश्य से रायपुर के कचहरी चौक स्थित बाल आश्रम में एक दिवसीय संगोष्ठी का आयोजन किया गया. आश्रम समिति एवं पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय की इतिहास अध्ययनशाला के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में सांसद एवं पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल, विधायक सुनील सोनी सहित कई गणमान्य लोग शामिल हुए. कार्यक्रम में गांधी जी के विचारों, ग्राम स्वराज, स्वच्छता और सामाजिक समरसता के संदेश पर चर्चा की गई.
गांधी जी को सिर्फ 2 अक्टूबर पर याद करना पर्याप्त नहीं : बृजमोहन अग्रवाल
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि यह हम सभी के लिए सौभाग्य की बात है कि जिस स्थान पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का आगमन हुआ था, वहां आज उनके विचारों को याद किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि नई और पुरानी पीढ़ी धीरे-धीरे गांधी जी के योगदान को भूलती जा रही है. आज हम जिस आजादी की खुली हवा में सांस ले रहे हैं, उसके पीछे गांधी जी का महत्वपूर्ण योगदान है.
उन्होंने कहा कि गांधी जी को केवल 2 अक्टूबर के दिन याद करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनके कार्यों और आदर्शों को भी अपने जीवन में अपनाना होगा. उन्होंने 23 नवंबर 1933 को गांधी जी के बाल आश्रम आगमन का स्मरण करते हुए संस्था में रहने वाले असहाय और जरूरतमंद बच्चों के लिए बेहतर शिक्षा व्यवस्था विकसित करने पर जोर दिया.
ग्राम स्वराज और स्वच्छ भारत के सपने को पूरा करने का आह्वान
रायपुर दक्षिण विधायक सुनील सोनी ने अपने संबोधन में कहा कि वर्ष 1933 में महात्मा गांधी बाल आश्रम पहुंचे थे. देश को आजादी दिलाने में उनका योगदान ऐतिहासिक रहा है. उन्होंने कहा कि आज देश को मजबूत बनाने के लिए ग्राम स्वराज और जनजागृति के विचारों को आगे बढ़ाना जरूरी है.
उन्होंने कहा कि गांधी जी स्वच्छ भारत और सशक्त गांवों का सपना देखते थे. उनके संकल्पों को पूरा करना हम सभी की जिम्मेदारी है.
पुरंदर मिश्रा ने भी गांधी जी के योगदान को किया याद
कार्यक्रम में उपस्थित विधायक पुरंदर मिश्रा ने अपने संबोधन में गांधी जी के व्यक्तित्व और कृतित्व को याद किया. उन्होंने अपने अंदाज में उपस्थित लोगों को हंसाया भी और गांधी जी के विचारों को आत्मसात करने का संदेश दिया.
दीप प्रज्वलन और माल्यार्पण के साथ हुआ शुभारंभ
संगोष्ठी की शुरुआत राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के छायाचित्र पर सूत की माला अर्पित करने और दीप प्रज्वलन के साथ हुई. कार्यक्रम में इतिहास अध्ययनशाला के सेवानिवृत्त प्रोफेसर डॉ. आमा पाल, डॉ. डीएन खुटे, सेवानिवृत्त प्राध्यापक डॉ. किशोर कुमार अग्रवाल सहित विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे.
इस अवसर पर अजय तिवारी, राजकिशोर नत्यानी, रामअवतार तिवारी, दीपक दुबे, विजय दानी, शंकर दास डागा, गोकुल दास डागा, गोवर्धन दास डागा, मदन लाल तालेड़ा, सुशील त्रिवेदी, देवीचंद श्रीश्रीमाल, रुपचंद श्रीश्रीमाल और प्रकाश वैद सहित अन्य लोग शामिल हुए.





