#प्रदेश

छत्तीसगढ़ विधानसभा सचिव दिनेश शर्मा का कार्यकाल 6 महीने बढ़ा, 31 मई 2027 तक संभालेंगे जिम्मेदारी

Advertisement Carousel

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के सचिव दिनेश शर्मा को राज्य सरकार ने छह महीने का सेवा विस्तार दिया है। इस फैसले के बाद अब वह 31 मई 2027 तक विधानसभा सचिव के पद पर बने रहेंगे। उनका मौजूदा कार्यकाल 30 नवंबर 2026 को समाप्त होने वाला था।

2 नवंबर 2020 को संभाला था सचिव का पद

दिनेश शर्मा ने 2 नवंबर 2020 को छत्तीसगढ़ विधानसभा सचिव के रूप में कार्यभार ग्रहण किया था। प्रशासनिक सेवा में करीब चार दशक का अनुभव रखने वाले शर्मा ने अपने करियर की शुरुआत अविभाजित मध्य प्रदेश से की थी।

उनका जन्म 5 नवंबर 1963 को जांजगीर-चांपा में हुआ था। उन्होंने बरकतउल्ला विश्वविद्यालय, भोपाल से एमए की पढ़ाई पूरी की है। वर्ष 1987 में सीधी भर्ती के जरिए उनकी नियुक्ति अविभाजित मध्य प्रदेश में द्वितीय श्रेणी राजपत्रित अधिकारी के रूप में हुई थी।

अवर सचिव से विधानसभा सचिव तक का सफर

वर्ष 2000 में मध्य प्रदेश के विभाजन के बाद उनकी सेवाएं छत्तीसगढ़ विधानसभा को हस्तांतरित कर दी गईं। इसके बाद उन्होंने विधानसभा में अवर सचिव, उप सचिव और अपर सचिव जैसे महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दीं। प्रशासनिक अनुभव और कार्यकुशलता के आधार पर 2 नवंबर 2020 को उन्हें विधानसभा सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई।

राज्यसभा और राष्ट्रपति चुनाव में भी निभाई अहम भूमिका

विधानसभा सचिव के दायित्वों के अलावा दिनेश शर्मा को निर्वाचन संबंधी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां भी सौंपी जा चुकी हैं। उन्होंने राज्यसभा के द्विवार्षिक निर्वाचन में रिटर्निंग ऑफिसर और राष्ट्रपति चुनाव में सहायक रिटर्निंग ऑफिसर के रूप में अपनी भूमिका निभाई है।

छह महीने के सेवा विस्तार के बाद अब वह 31 मई 2027 तक छत्तीसगढ़ विधानसभा सचिव के पद पर अपनी सेवाएं जारी रखेंगे।