प्रयागराज। फिल्म अभिनेत्री ममता कुलकर्णी को महामंडलेश्वर बनाए जाने के बाद किन्नर अखाड़े में घमासान शुरू हो गया है। चर्चा है कि अखाड़े के कई संतों ने इस पर कड़ी आपत्ति जाहिर की है। माना जा रहा है कि कुलकर्णी को महामंडलेश्वर बनाने के मामले में किन्नर अखाड़े की आचार्य महामंडलेश्वर लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी के खिलाफ कार्रवाई हो सकती है।
अभिनेत्री ममता कुलकर्णी को महामंडलेश्वर की पदवी दिए जाने को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है। एक्ट्रेस को महामंडलेश्वर बनाने को लेकर किन्नर अखाड़े के भीतर ही विरोध शुरू हो गया है। किन्नर अखाड़े के संस्थापक अजय दास और आचार्य महामंडलेश्वर डॉ. लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी इस मसले पर आमने-सामने आ गए हैं। मीडिया में चल रही खबरों के मुताबिक अजय दास ने लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी को मुक्त करने की तैयारी कर ली है।
उधर, लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी का कहना है कि अजय दास किस हैसियत से कार्रवाई करेंगे। वह तो किसी पद पर ही नहीं है। उनको तो पहले से ही अखाड़े से निकाला जा चुका है। किन्नर अखाड़े की ओर से शुक्रवार को मीडिया के सामने इस मुद्दे को लेकर वार्ता हो सकती है।
आज दोपहर बाद हो सकती है कार्रवाई की घोषणा
सूत्रों की मानें तो अखाड़े के भीतर लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी को आचार्य महामंडलेश्वर पद से हटाने की तैयारी हो रही है। इसको लेकर किन्नर अखाड़े के संतों में चर्चा तेज हो गई है। किन्नर अखाड़े के संस्थापक अजय दास ने किसी बड़ी कार्रवाई की बात कही है। दोपहर में आज इसका एलान भी किया जा सकता है। पूरे विवाद पर आज दोपहर बाद किन्रर अखाड़े की प्रेसवार्ता हो सकती है। इसमें किसी निर्णय की बात कही जा रही है।