रायपुर। छत्तीसगढ़ में निकाय चुनाव की घोषणा के बाद कांग्रेस में हंगामा और विरोध शुरू हो गया है। इसके साथ ही टिकट नहीं मिलने से भी नाराज कांग्रेसी अलग ही तेवर दिखा रहे हैं। इस बीच, अब मतभेद भी खुलकर सामने आ गए हैं। दरअसल, नाराज कांग्रेस नेताओं ने कई जगहों पर टिकट वितरण को लेकर जिलाध्यक्ष ने भी पद से इस्तीफा दे दिया है, जिसके बाद प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने नई नियुक्ति कर दी है।
जानकारी के अनुसार बेमेतरा में जिलाध्यक्ष के इस्तीफे के बाद कार्यवाहक जिलाध्यक्ष आशीष छाबड़ा को बनाया गया था। अब दो जिलों में और कार्यवाहक अध्यक्ष की नियुक्ति की है। इसके अनुसार मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी ज़िले में कार्यवाहक अध्यक्ष की नियुक्ति की है। सुरजीत सिंह ठाकुर को कार्यवाहक अध्यक्ष बनाया गया है। बता दें कि ज़िला अध्यक्ष अनिल मानिकपुरी के इस्तीफ़े के बाद नियुक्ति की गई। टिकट नहीं मिलने से नाराज ज़िला अध्यक्ष ने पार्टी से इस्तीफा दिया था।
वहीं कांग्रेस ने राजनांदगाँव ज़िले में की कार्यकारी अध्यक्ष की नियुक्ति की है। रमेश डाकलिया को राजनांदगाँव में कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया है।निकाय चुनाव में कांग्रेस ने ज़िला अध्यक्ष कुलबीर छाबड़ा को प्रत्याशी बनाया है। निकाय चुनाव तक रमेश डाकलिया ज़िले की कमान संभालेंगे। अब देखना है कि इस चुनाव में बगावत से कांग्रेस का कितना नुकसान होता है।